नियम ताक पर रखकर क्रिकेटर कुलदीप यादव को नगर निगम गेस्ट हाउस में लगी वैक्सीन, डीएम बाले... अगर ऐसा है तो होगी सख्त कार्रवाई

वैक्सीन लगाने के दौरान किसी की तबीयत खराब हो सकती है। इसलिए वैक्सीन वहीं लगती है जहां वैक्सीनेशन सेंटर है। सेंटर वहां हैं जहां उपचार की व्यवस्था है। वैक्सीन लगाने में खेल हो रहा है। जो प्रभावशाली हैं वे अपने घरों में ही कर्मचारियों को बुलवाकर वैक्सीन लगवा रहे हैं।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 12:15 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 12:15 PM (IST)
नियम ताक पर रखकर क्रिकेटर कुलदीप यादव को नगर निगम गेस्ट हाउस में लगी वैक्सीन, डीएम बाले... अगर ऐसा है तो होगी सख्त कार्रवाई
उन्होंने फोन नहीं उठाया और मैसेज का भी कोई जवाब नहीं दिया

कानपुर, जेएनएन। शनिवार को नगर निगम गेस्ट हाउस में टीम इंडिया के क्रिकेटर कुलदीप यादव को वैक्सीन लगाने की फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से नियम ताक पर रखकर वैक्सीनेशन की बात उजागर हुई है। डीएम ने मामले की जांच कराने और गेस्ट हाउस में वैक्सीन लगाने की बात सही साबित होने पर कार्रवाई की बात कही है। हालांकि, उन्होंने जांच के लिए कोई कमेटी नहीं बनाई है और न ही किसी से जवाब-तलब किया है।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल फोटों में दावा है कि क्रिकेटर कुलदीप यादव को नगर निगम गेस्ट हाउस में शनिवार को वैक्सीन की डोज लगी। हालांकि, दैनिक जागरण वायरल फोटो की पुष्टि नहीं करता है। अब सवाल यह है कि आखिर वैक्सीन किस सेंटर से लाई गई थी और लगाने वाले कर्मचारी कौन थे। उनकी पहचान कैसे होगी और प्रशासन कार्रवाई कब तक करेगा। वैक्सीन लगाने के बाद इसीलिए केंद्र पर संबंधित व्यक्ति को आधे घंटे तक रोका जाता है, ताकि अगर उसे कोई समस्या हो तो तत्काल उपचार मिल सके, लेकिन नगर निगम गेस्ट हाउस में तो उपचार की सुविधा भी नहीं थी। ऐसे में अगर कुलदीप को कोई समस्या होती तो फिर उनका उपचार कैसे होता। वहीं, क्रिकेटर के कोच कपिलदेव पांडेय का कहना है कि कुलदीप को कल्याणपुर के किसी वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीन लगाई गई है। यह जानकारी उन्हेंं कुलदीप ने खुद दी है।

उल्लेखनीय है कि वैक्सीन लगाने के दौरान किसी की तबीयत खराब हो सकती है। इसलिए वैक्सीन वहीं लगती है, जहां वैक्सीनेशन सेंटर है। सेंटर वहां हैं, जहां उपचार की व्यवस्था है। हालांकि, वैक्सीन लगाने में खेल हो रहा है। जो प्रभावशाली हैं वे अपने घरों में ही कर्मचारियों को बुलवाकर वैक्सीन लगवा रहे हैं। सेंटरों पर काम करने वाले कर्मचारी ही वैक्सीन ले जाकर टीकाकरण कर रहे हैं। इसके बदले में वे मोटी रकम भी ले रहे हैं। ऐसे आरोप तो खूब लग रहे, लेकिन कोई जांच नहीं हो रही है। अब चोरी छिपे वैक्सीन लगाने का मामला सामने भी आ गया है। इस संबंध में क्रिकेटर कुलदीप यादव से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया और मैसेज का भी कोई जवाब नहीं दिया।

इनका ये है कहना

नगर निगम के गेस्ट हाउस में कुलदीप यादव को वैक्सीन लगी या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। जांच कराई जाएगी और अगर ऐसा हुआ है तो आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

                                                                    आलोक तिवारी, डीएम नगर निगम गेस्ट हाउस में किसी को भी वैक्सीन नहीं लगाई गई, सब मनगढ़ंत बातें हैं। मैंने खुद और परिवार के सदस्यों ने भी नारायणा मेडिकल कॉलेज में जाकर वैक्सीन लगवाई है।

                                                                 प्रमिला पांडेय, महापौर

पत्रकारों को यहां लगेगी वैक्सीन : आज 45 की उम्र पार पत्रकारों को भी कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई जाएगी। इसके लिए उर्सला अस्पताल में कोविड वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया है।  

chat bot
आपका साथी