Kanpur Coronavirus News: घर नहीं जाएंगे और जबरदस्ती भेजा तो मुख्यमंत्री से कर देंगे शिकायत.., यहां मिल रही ऑक्सीजन

कानपुर के हैलट कोविड अस्पताल में भर्ती कुछ मरीज ठीक होने पर भी घर जाने के लिए तैयार नहीं है जबकि रिपोर्ट के आधार पर पूरी तरह फिट हो चुके हैं। डाॅक्टरों के अनुरोध करने के बावजूद कई मरीज हंगामा भी कर चुके हैं।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 10:57 AM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 10:57 AM (IST)
Kanpur Coronavirus News: घर नहीं जाएंगे और जबरदस्ती भेजा तो मुख्यमंत्री से कर देंगे शिकायत.., यहां मिल रही ऑक्सीजन
हैलट के कोविड अस्पताल में डॉक्टरों के सामने समस्या।

कानपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमित मरीजों का हैलट के न्यूरो साइंस कोविड और मैटरनिटी विंग में इलाज चल रहा है। यहां कई मरीज तीन से चार हफ्ते से भर्ती हैं। पहले उनकी गंभीर स्थिति थी, लेकिन अब सुधार आ गया है। डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ उनकी बेहतर हालत को देखकर छुट्टी करने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन वे घर जाने को राजी नहीं हैं। कुछ ने तो मुख्यमंत्री, डीएम से शिकायत करने की धमकी तक दे दी। एचडीयू में आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे मरीज हंगामा भी कर चुके हैं। उनका कहना है कि यहां तो इलाज मिल रहा है, ऑक्सीजन की सुविधा भी है। घर पर ये सब नहीं मिलेगा। उनकी जान बहुत मुश्किल से बची है। अस्पताल से पूरी तरह से ठीक होकर ही घर जाएंगे।

Case-1 : बर्रा की 70 साल की बुजुर्ग महिला का ऑक्सीजन लेवल 80 के आसपास था। उन्हें आइसीयू में भर्ती किया गया। उनकी तबीयत ठीक हो गई, लेकिन घर जाकर फिर से हालत खराब होने की ङ्क्षचता हुई। उन्होंने तीन दिन बाद जाने का आग्रह किया। डॉक्टरों ने उनकी बात मान ली।

Case-2 : किदवई नगर के 58 साल के मरीज ने एचडीयू से घर जाने से इन्कार कर दिया। डॉक्टरों ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उन्होंने कहा कि घर में कुछ हो गया तो जिम्मेदार कौन होगा। उन्हें बेड की समस्या बताई गई तो उन्होंने दो दिन का और समय मांगा।

दूसरों के लिए छोड़ा बेड

न्यूरो साइंस कोविड अस्पताल के नोडल अधिकारी प्रो. प्रेम सिंह ने बताया कि कई ऐसे मरीज भी हैं, जिनकी तबीयत पूरी तरह से ठीक नहीं हुई, लेकिन दूसरों को बेड देने के लिए उनसे वार्ड में शिफ्ट होने के लिए कहा गया तो वह मान गए। इनमें से एक मेडिसिन विभाग के जूनियर डॉक्टर के पिता हैं। उन्हें कुछ कुछ देर के अंतराल में ऑक्सीजन दी जा रही है। आर्य नगर के 38 साल के युवक ने भी बेड खाली कर दिया। उसका ऑक्सीजन लेवल 94 आ गया है।

chat bot
आपका साथी