Corona Warrior: मिलिए- कानपुर की मानसी से, जो जीवन के मर्म और योग के कर्म से निभा रहीं मानवता का धर्म
Corona Warrior Story मानसी बताती हैं कि कई साल पहले जब माइग्रेन की समस्या हुई तो योग को अपनाकर अपने को पूर्ण स्वस्थ किया। अपने को स्वस्थ करने के बाद अपनी मां व अन्य नजदीकी लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया।
कानपुर, [शैलेंद्र त्रिपाठी]। Corona Warrior Story पिछले साल लॉकडाउन लगने के बाद जब लोग अपने घरों में लॉक हो गए थे तो उनकी उम्मीदें भी डाउन हो गई थीं। घरों में कैद लोग तनाव व चिंता में चिड़चिड़े होते जा रहे थे। ऐसे हालातों से निपटने के लिए मानसी मिश्रा की एक छोटी सी पहल ने दर्जनों लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। मानसी की ऑनलाइन योग क्लास से जुड़कर लोग स्वस्थ, समर्थ, सशक्त होकर खुशहाल नजर आने लगे। कानपुर व आसपास के साथ जयपुर के भी कई लोगों ने लॉकडाउन के दौरान योग को अपनाकर अपनी जिंदगी को संवारा। मानसी फिर लोगों को ऑनलाइन योग करा रही हैं।
पिछले साल जहां कुछ लोग कोरोना की चुनौतियों को सीधे परास्त कर रहे थे। वहीं कुछ ऐसे भी कोरोना योद्धा थे जो घर में रहकर ही कोरोना को मात देने में पूरी तन्मयता से लगे हुए थे। बर्रा विश्वबैंक निवासी 25 वर्षीय योग साधक मानसी मिश्रा ने पिछले साल लॉकडाउन के दौरान निश्शुल्क ऑनलाइन योग शिखाकर दो दर्जन से अधिक लोगों की ङ्क्षजदगी निखार दी। मानसी कानपुर के ग्रीन पार्क व डीएवी कॉलेज की योग साधक भी हैं।
मानसी बताती हैं कि कई साल पहले जब माइग्रेन की समस्या हुई तो योग को अपनाकर अपने को पूर्ण स्वस्थ किया। अपने को स्वस्थ करने के बाद अपनी मां व अन्य नजदीकी लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया। धीरे - धीरे कारवां बढ़ता गया और लोग जुड़ते गए। दो साल पहले जयपुर में सीटीआई की पढ़ाई के दौरान कई शिक्षकों सहपाठियों को योग से जोड़ा। जयपुर में प्रतिदिन शाम को हॉस्टल में होने वाली एक घंटे की योग क्लास में आधा सैकड़ा सहपाठी व कई शिक्षक शामिल हो गए। लॉकडाउन के दौरान जब कानपुर आना हुआ तो एक - एक घंटे की कई शिफ्ट में सभी को ऑनलाइन योग कराया। नकारात्मकता दूर हुई। अभी भी मानसी एक दर्जन से अधिक लोगों को ऑनलाइन योग सिखा रही हैं।
योग के कर्म के साथ आध्यात्म का मर्म : योग: कर्मसु कौशलम के मंत्र को अपनाकर मानसी प्राणायाम व आसनों के साथ आध्यात्म के मर्म को भी बताती हैं। मानस के ज्ञान,भक्ति व कर्म योग के साथ गीता के योग: कर्मसु कौशलम के ज्ञान से मानसी सभी को योग से जोड़कर उत्तम स्वास्थ्य से आरोग्यता की सिद्धि तक ले जा रही हैं।