पोलिग पार्टियों के बीच पहुंचे कोरोना पॉजिटिव दो मतदान कर्मी

उन दोनों के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों व पोलिंग कर्मियों में मच गई भगदड़।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 01:57 AM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 01:57 AM (IST)
पोलिग पार्टियों के बीच पहुंचे कोरोना पॉजिटिव दो मतदान कर्मी
पोलिग पार्टियों के बीच पहुंचे कोरोना पॉजिटिव दो मतदान कर्मी

संवाद सहयोगी , महाराजपुर : सरसौल स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में पंचायत चुनाव के लिए पोलिग पार्टियों की रवानगी के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब दो कर्मचारी वहां पहुंच गए और उन्होंने बताया कि साहब मैं कोरोना पॉजिटिव हूं, क्या करूं। इतना सुनते ही वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा- तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। आनन - फानन उनको रवानगी स्थल से दूर कर वापस भेज दिया गया। उनकी ड्यूटी निरस्त कर दूसरों को भेजा गया। इस दौरान हड़कंप मचा रहा।

सरसौल ब्लाक के विभिन्न बूथों के लिए बुधवार को जवाहर नवोदय स्कूल सरसौल से पोलिग पार्टियां सुबह से रवाना की जा रहीं थीं। दोपहर में अचानक दो मतदान कर्मियों से अधिकारियों को सूचना दी कि वो कोरोना संक्रमित हैं। ड्यूटी निरस्त कर दी जाए। जैसे ही अधिकारियों को पता चला तो हड़कंप मच गया। आनन - फानन उसको नवोदय परिसर से बाहर कर वापस लौटा दिया गया। उनकी जगह रिजर्व में दूसरे की ड्यूटी लगाई गई। तीन अन्य कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए,लेकिन उन्होंने ऑनलाइन सूचना और ड्यूटी निरस्त करने का प्रार्थना पत्र भेजा था। इससे उनकी ड्यूटी निरस्त कर दूसरों की लगाई गई।

एसडीएम नर्वल अमित ओमर ने बताया कि दो कोरोना संक्रमित कर्मी नवोदय विद्यालय आ गये थे, लेकिन वो रवानगी स्थल से दूर खेत में खड़े थे। वहीं से सूचना भिजवाई। इसके बाद उनको वापस कर दूसरे की ड्यूटी लगाई गई। तीन अन्य संक्रमित कर्मियों ने ऑनलाइन जानकारी दी थी। उनको भी बदल दिया गया।

उधर, पतारा ब्लाक में 11 अप्रैल को आरओ एके सिंह, एडीओ पंचायत आदित्य शुक्ला समेत 11 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आ गए थे। सभी ने खुद को अपने घर में आइसोलेट कर लिया था, लेकिन कुछ लोगों ने यह शिकायत किया कि उनसे ड्यूटी कराई जा रही है। डीएम ने मामले की जांच एडीएम वित्त एवं राजस्व वीरेंद्र पांडेय को सौंपी। प्राथमिक जांच में पाया गया कि सभी अधिकारी , कर्मचारी होम आइसोलेशन में हैं और कोई ड्यूटी करने नहीं आया। डीएम आलोक तिवारी ने बताया कि जिन्होंने आरटीपीसीआर जांच कराई थी और रिपोर्ट पॉजिटिव आई उनकी ड्यूटी काट दी गई है। पतारा के बीडीओ ज्ञानेंद्र मिश्र ने बताया कि पॉजिटिव आए किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को ब्लाक नहीं बुलाया गया है। कोरोना संक्रमित रिटिर्निग अफसर एके सिंह ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद से वे ड्यूटी पर नहीं गए हैं। उधर घाटमपुर के रिटर्निंग अफसर अंसल कुमार भी कोरोना संक्रमित होने की वजह से घर पर ही हैं। उन्होंने बताया कि वे ड्यूटी पर नहीं जा रहे हैं।

-------------

चुनाव कर्मी की तबीयत बिगड़ी

सरसौल के खरौंटी में चुनाव ड्यूटी में लगे एक मतदान कार्मिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसकी जगह रिजर्व कर्मी की ड्यूटी लगाई गई। बीमार कर्मी को वापस भेज दिया गया। पुरवामीर में भी रात में एक कर्मी की तबीयत बिगड़ गई। बीडीओ सरसौल सौरभ बर्नवाल ने बताया कि खरौंटी व पुरवामीर में मतदान कर्मियों की तबीयत बिगड़ गई थी। उनकी जगह रिजर्व कर्मियों को भेजा गया है। ..

chat bot
आपका साथी