कांग्रेस में फेरबदल, कानपुर नगर और देहात में इन्हें सौंपी गई कमान Kanpur News

ऊषारानी को कानपुर ग्रामीण अध्यक्ष और नरेश को कानपुर देहात का अध्यक्ष बनाया है अभी कानपुर नगर पर फैसला बाकी।

By AbhishekEdited By: Publish:Wed, 16 Oct 2019 08:53 AM (IST) Updated:Wed, 16 Oct 2019 08:53 AM (IST)
कांग्रेस में फेरबदल, कानपुर नगर और देहात में इन्हें सौंपी गई कमान Kanpur News
कांग्रेस में फेरबदल, कानपुर नगर और देहात में इन्हें सौंपी गई कमान Kanpur News

कानपुर, जेएनएन। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कांग्रेस जुट गई है। पार्टी नए सिरे से जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों की तैनाती कर रही है। जिलाध्यक्षों से कहा गया है कि वे सक्रिय और बेदाग छवि के लोगों को संगठन में तरजीह दें। बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करें और केंद्र और राज्य सरकार के विरुद्ध जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन करें।

पीएल पुनिया की करीबी रही हैं ऊषारानी

पार्टी नेतृत्व ने पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी को हटाकर ऊषारानी कोरी को कानपुर नगर ग्रामीण का अध्यक्ष बनाया है। ऊषा रानी ने विधानसभा चुनाव में बिल्हौर सीट से टिकट मांगा था, लेकिन उन्हें तवज्जो नहीं मिली थी। ऊषा रानी को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष पीएल पुनिया का करीबी माना जाता है। कहा जा रहा है कि इसका लाभ उन्हें अब मिला है। ऊषा मूलरूप से शिवराजपुर ब्लाक के गांव गोडऱा की रहने वाली हैं और वर्तमान में कल्याणपुर के इंदिरा नगर में रहती हैं। ऊषा कांग्रेस के अनुसांगिक संगठनों और मुख्य संगठन में विभिन्न पदों पर रही हैं। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी में सचिव के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं। वह जालौन कांग्रेस कमेटी की प्रभारी भी रहीं हैं।

नीतम को हटाकर नरेश का जिम्मेदारी

ऊषारानी को अध्यक्ष पद पर नियुक्त कर कांग्रेस ने अनुसूचित जाति के मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। वैसे इस पद पर अनुसूचित जाति के ही पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी काबिज थे। उन्हें हटाने से कहीं अनुसूचित जाति के मतदाताओं में गलत संदेश न जाए इसका ध्यान पार्टी ने रखा है। उधर, कानपुर देहात के जिलाध्यक्ष के पद पर नरेश कटियार को नियुक्त किया गया है। इस पद पर इससे पहले नीतम सचान थे। कुर्मी मतदाता नाराज न हों इसलिए नीतम को हटाने के बाद बिरादरी के नेता नरेश को अध्यक्ष का पद सौंपा गया।

चुनाव के चलते कानपुर नगर का फैसला टला

अभी गोविंद नगर सीट पर चुनाव है ऐसे में यहां अध्यक्ष पद पर किसी को नामित नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि 21 अक्टूबर को मतदान के बाद यहां अध्यक्ष के नाम का एलान किया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी ने बताया कि जल्द ही शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की सूची भी जारी की जाएगी। दोनों नव नियुक्त अध्यक्ष को कार्यकर्ता राजीव द्विवेदी, तुफैल अहमद खान, चंचल कुशवाहा, सुजीत यादव, अजय तिवारी, विवेक पांडेय आदि ने बधाई दी है।

chat bot
आपका साथी