सर्दी ने तोड़ा 48 साल का रिकार्ड, न्यूनतम स्तर पर पहुंचा अधिकतम तापमान

शीतलहर नमी कोहरा पश्चिमी विक्षोभ चक्रवात और विपरीत चक्रवाती की वजह से सर्दी का रिकॉर्ड टूट गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 01:39 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 01:39 AM (IST)
सर्दी ने तोड़ा 48 साल का रिकार्ड, न्यूनतम स्तर पर पहुंचा अधिकतम तापमान
सर्दी ने तोड़ा 48 साल का रिकार्ड, न्यूनतम स्तर पर पहुंचा अधिकतम तापमान

जागरण संवाददाता, कानपुर : शीतलहर, नमी, कोहरा, पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और विपरीत चक्रवाती हवा के असर से 48 साल का रिकार्ड टूट गया है। 1973 से 2021 तक जनवरी के महीने की बात की जाए तो सोमवार को अधिकतम तापमान सबसे कम रहा, वहीं न्यूनतम तापमान सबसे अधिक हो गया। इस तापमान के उतार चढ़ाव ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए) के मौसम विशेषज्ञों ने अपने रिकार्ड से आकलन किया है। इसके पीछे तेज हवा और नमी है। शीतलहर अपनी क्षमता से चली, जबकि धूप ने बस झलक दिखाई। इससे अधिकतम तापमान में इजाफा नहीं हुआ। दूसरी ओर आसमान में बदली छाई रहने से न्यूनतम तापमान बढ़ गया।

------------------------

अधिकतम और न्यूनतम तापमान का रिकार्ड (जनवरी)

वर्ष अधिकतम न्यूनतम

2021 15.2 11.0

2019 15.8 9.6

2016 23.2 5.5

2015 16.4 10.2

2012 22.0 5.4

2010 16.8 7.8

2003 24.0 4.0

2001 22.0 5.4

1998 22.5 4.4

1997 21.2 5.4

1989 21.0 5.1

1973 21.0 5.8

--------------------

बिना वजह सड़कों पर न निकलने का अलर्ट

वातावरण में नमी की अधिकता पहले से ही थी, अब सामान्य से तेज हवा लोगों को कंपकंपा रही है। तीन से चार दिन मौसम इसी तरह का रहेगा। सुबह व शाम घना कोहरा छाएगा। सीएसए के मौसम विभाग ने कोहरे को देखते हुए बिना वजह सड़कों पर न निकलने को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अधिकतम तापमान 15.2 और न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 18.8 और न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस था। हवा 4.9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि रविवार को 3.6 किमी प्रति घंटे थी। सोमवार को अधिकतम आ‌र्द्रता 95 फीसद थी। कोहरे की अधिकता से सड़कों पर निकलना खतरनाक हो सकता है क्योंकि दृश्यता बेहद कम रहेगी।

chat bot
आपका साथी