Flood in UP: हमीरपुर-उरई में हवाई निरीक्षण कर सीएम ने देखी बाढ़ की स्थिति, कहा- हरसंभव मदद करेगी सरकार

CM Yogi Adityanath in Bundelkhand मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इटावा-औरैया में हवाई सर्वेक्षण कर चुके हैं। साेमवार काे सीएम ने बाढ़ जनहानि पर चार लाख रुपये मुआवजा और आवास देने का ऐलान भी किया। बताया जा रहा है कि हमीरपुर में एक घंटे रुककर मुख्यमंत्री बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण करेंगे।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 04:25 PM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 07:10 PM (IST)
Flood in UP: हमीरपुर-उरई में हवाई निरीक्षण कर सीएम ने देखी बाढ़ की स्थिति, कहा- हरसंभव मदद करेगी सरकार
हमीरपुर जिले में आई बाढ़ की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

कानपुर, जेएनएन। CM Yogi Adityanath in Bundelkhand  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों से फीड बैक लेते हुए सभी पीडि़तों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित राजस्व गांवों में बाढ़ की स्थिति व राहत सामग्री आदि वितरण की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही राहत सामग्री तत्काल वितरित कराने को कहा।

सीएम द्वारा इन्हें बांटी गई राहत सामग्री: सीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में केसरिया डेरा निवासी गयारी, टिर्रा, बच्चीलाल, रामबाबू, महदइया, धनीराम व बेतवा घाट निवासी बाढ़ पीडि़त शोभा, राधा, सुशीला, संपत व जरैली मडैया निवासी सोनिया समेत 11 लोगों को राहत सामग्री बांटी। 

सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश: बैठक में मुख्यमंत्री ने सीएमओ डॉ. एके रावत से तैयारियों की जानकारी लेते हुए बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों को लेकर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से पशुओं में फैलने वाली बीमारियों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं बिजली विभाग को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों की काटी गई आपूर्ति को बाढ़ खत्म होने के बाद समय से बहाल करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने प्रत्येक बाढ़ प्रभावित गांव में नोडल अधिकारी तैनात किए जाने को कहा जो राहत सामग्री वितरण के साथ बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखें। कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में पुलिस की पेट्रोलिंग कराई जाए।

जिससे इन गांवों में चोरी आदि की घटनाएं न हों। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुना व बेतवा नदियों के बांधों की लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही हमीरपुर को बाढ़ से बचाने के लिए परियोजना बनाई जाए जिससे स्थायी समाधान हो सके। समीक्षा बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों के अलावा जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार, एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव मौजूद रहे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। कलेक्ट्रेट के आसपास स्थित भवनों की छतों में पुलिस कर्मी तैनात रहे। वहीं फ्लीट निकलने के दौरान परेड ग्राउंड से कलेक्ट्रेट तक सड़कें खाली करा दी गईं। जिससे बस स्टैंंड के पास जाम की स्थिति बन गई। जिसमें दो एंबुलेंस भी फंसी रहीं। हालांकि मुख्यमंत्री का काफिला परेड मैदान में पहुंचने के बाद जैसे ही हेलीकाप्टर उड़ा, वैसे ही यातायात को खोल दिया गया। इसके बाद तैनात ट्रैफिक व पुलिस कर्मियों ने सबसे पहले एंबुलेंस को जाम से निकलवाया।

दोपहर 03:25 पर आए सीएम: मंगलवरर दोपहर 3:25 पर परेड ग्राउंड में सीएम योगी का हेलीकाप्टर उतरा, इसके बाद 3:35 पर बाढ़ पीडि़तों से बातचीत के बाद सभागार में पहुंचे। व्यवस्थाओं को लेकर संताेष व्यक्त करने के बाद सीएम ने 4:15 पर जनप्रतिनिधियों से बातचीत शुरू की और शाम 04:25 पर वे जालौन के लिए रवाना हाे गए। 

जालौन में बोले सीएम: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जिले का दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। सीएम योगी  शाम 5 बजकर 10 मिनट पर जगमम्नपुर पहुंचे। यहां के डिग्री कालेज में बाढ़ राहत शिविर बनाया गया था। सबसे पहले बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों के पास पहुंचकर उन्होंने खाद्य सामग्री बांटी, दैवीय आपदा में अपनों को खोने वाले चार लोगों के परिवार को सीएम ने दैवीय आपदा के तहत आर्थिक सहायता दी। बाद में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा नियंत्रण को लेकर  बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति मदद से छूटे नहीं। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि जनपद में 61 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राहत कार्य के लिए सेना, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को लगाया गया है। चार लोगों की मौत हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाढ़ में सेल्फी लेकर जान को खतरे में न डालें। अब बाढ़ का पानी कम होने लगा है। जिले के हालात सामान्य हो रहे हैं। कार्यक्रम के बाद वह हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। 

chat bot
आपका साथी