भाजपा कार्यकर्ताओं के बच्चे भी संभालेंगे संगठन का काम

उत्तर जिला संगठन ने बनाई योजना, प्रदेश कार्यसमिति में रखा जाएगा प्रस्ताव, पार्टी ने शुरू किया सदस्यता अभियान, दो लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Aug 2018 12:02 PM (IST) Updated:Mon, 06 Aug 2018 05:08 PM (IST)
भाजपा कार्यकर्ताओं के बच्चे भी संभालेंगे संगठन का काम
भाजपा कार्यकर्ताओं के बच्चे भी संभालेंगे संगठन का काम

जागरण संवाददाता, कानपुर : भाजपा जिला संगठन के प्रस्ताव पर हाईकमान सहमत हुआ तो पार्टी नए फार्मूले से संगठन विस्तार का काम करेगी। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बच्चे भी संगठन का काम संभालेंगे। इसके साथ ही जिले में दो लाख नए सदस्यों के लक्ष्य व सदस्यता अभियान शुरू कर दिया गया है।

उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने एक प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के बच्चों की रुचि जानकर सक्रिय सदस्य बनाने और फिर उनकी क्षमता के अनुरूप उन्हें संगठन में जिम्मेदारियां सौंपी जाएं। वह बूथ पर अच्छी भूमिका निभा सकते हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 11 और 12 अगस्त को मेरठ में प्रदेश कार्यसमिति में क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह के साथ जाकर हाईकमान को यह प्रस्ताव सौंपेंगे। इसके अलावा दो लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य के साथ सदस्यता अभियान शुरू कर दिया गया। जिला महामंत्री सुनील बजाज को संयोजक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ना प्राथमिकता रहेगी।

- - - - - - - - -

चुनाव को लेकर जमीनी तैयारी शुरू

लोकसभा चुनाव आने से पहले ही भाजपा के नेताओं ने जमीनी तैयारी शुरू कर दी है। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने के साथ नए लोगों को जोड़ने की कवायद जारी है। इसके साथ भविष्य को ध्यान में रखकर बच्चों को भी रुचिकर ढंग से समझाने व परिवारों तक पार्टी की नीतियां पहुंचने के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। बच्चे अपने साथियों से मिलेंगे और चर्चा हुई तो दूसरे भी पार्टी से प्रभावित होंगे। इससे सदस्यता अभियान को भी तेजी से गति मिलेगी। भाजपा नेताओं ने इस रणनीति के तहत कवायद शुरू की है।

chat bot
आपका साथी