कानपुर देहात स्थित नहर में गिरी बस, एक महिला की मौत और नौ यात्री घायल, ग्रामीणों ने किया बचाव कार्य

झींझक जरिया नहर में एक बस पलट गई। हालांकि हादसा होने के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। इस दौरान गांव के युवाओं ने साहस दिखाते हुए बस के ऊपर चढ़कर कईलोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Mon, 18 Jan 2021 04:11 PM (IST) Updated:Mon, 18 Jan 2021 04:11 PM (IST)
कानपुर देहात स्थित नहर में गिरी बस,  एक महिला की मौत और नौ यात्री घायल, ग्रामीणों ने किया बचाव कार्य
कानपुर देहात में क्रेन की सहायता से बस को निकाला जा रहा है।

कानपुर, जेएनएन। शहर से दूर कानपुर देहात मंगलपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार अनियंत्रित बस जुरिया नहर में जा गिरी। इससे बस में सवार करीब 30 यात्रियों की जान पर बन आई और हाहाकार मच गया। राहगीरों के साथ आसपास के गांव वालों ने तुरंत सभी को निकालना शुरू किया। दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई जबकि नौ यात्री घायल हो गए। नहर में पानी कम होने व जल्द बचाव कार्य के चलते बड़ी घटना होने से टल गई। डीएम व एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बस संचालक पर कार्रवाई की बात कही।

इस तरह हुआ हादसा

झींझक से रूरा रूट पर चलने वाली बस सोमवार दोपहर करीब 2.15 बजे जुरिया नहर पुल के पास पहुंची थी। बस बहुत तेज रफ्तार में होने से चालक नियंत्रण खो बैठा। बस तेजी से सीधे नहर में जा गिरी। यात्रियों में चीख पुकार मच गई और सभी बचने के लिए जद्दोजहद करने लगे। राहगीर व पास के गांव के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और बस पर चढ़ गए। बांस व मफलर के सहारे सभी को जल्दी से जल्दी निकालकर बचाया गया। दुर्घटना में देवराय बिधूना औरेया निवासी 32 वर्षीय आशमा की मौत हो गई वहीं उनकी 12 वर्षीय बेटी अलसिफा घायल हो गईं। सभी घायलों को झींझक सीएचसी भेजा गया। घटनास्थल पर डीएम डॉ. दिनेशचंद्र व एसपी केशव कुमार चौधरी पहुंचे और जानकारी ली। कई घायलों के कम चोट होने से वह घर चले गए जबकि अस्पताल में केवल तीन लोग ही भर्ती रहे। एसपी ने बताया कि बस संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

यह हुए घायल

जलिहापुर निवासी 60 वर्षीय मलकिन, घाटमपुर निवासी 50 वर्षीय चंद्रशेखर, उनकी पत्नी रामश्री, पुखरायां की 30 वर्षीय सोनी, उनका पांच वर्षीय पुत्र आरव, डेढ़ वर्ष की बेटी परी, इंद्रपाल, लछियामऊ औरेया निवासी शैला घायल हो गईं।

चालक व क्लीनर हुए गायब

दुर्घटना के बाद चालक व क्लीनर मौका पाकर भाग निकले। यात्री उसके ऊपर गुस्सा निकालते इससे पहले वह सरक लिए। चालक व क्लीनर का नाम भी पता नहीं चल सका। पुलिस को जानकारी मिली है कि सांई कृपा बस सर्विस की यह बस थी बाकी जानकारी जुटाई जा रही।

chat bot
आपका साथी