कानपुर में कार्य समितियों के प्रशिक्षण के बाद जनता के बीच प्रचार करने जाएगी भाजपा

पार्टी ने ई-चिंतन के रूप में इस तरह के वर्चुअल प्रशिक्षण का एक हिस्सा शुरू किया है। इसमें केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया जा रहा है। ई-चिंतन के जरिए अभी जिलाध्यक्षों और प्रमुख पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 06:27 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 06:27 PM (IST)
कानपुर में कार्य समितियों के प्रशिक्षण के बाद जनता के बीच प्रचार करने जाएगी भाजपा
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अभी ताल ठाेंक दी है।

कानपुर, जेएनएन। विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए जनता के बीच जाने से पहले भारतीय जनता पार्टी अपनी जिला कार्यसमितियों के सदस्यों को पूरी तरह प्रशिक्षित करेगी। सभी को पूरी तरह प्रशिक्षित किए जाने के बाद ही प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई विकास पुस्तिका उन पदाधिकारियों और सदस्यों को सौंप कर प्रचार शुरू किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार के चार वर्ष और केंद्र सरकार के सात वर्ष के कार्यों को लेकर अगले विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही है। प्रदेश सरकार के कार्यों की जानकारी देने के लिए पार्टी कार्यालय में पुस्तकें आ चुकी हैं। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक इन पुस्तकों को अभी जनता के बीच नहीं ले जाएंगे। इससे पहले कार्यसमिति के सभी सदस्यों और पदाधिकारियों का प्रशिक्षण होगा। इन सभी को आनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में मुख्य रूप से प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में सभी को जानकारी दी जाएगी। ऐसा इसलिए भी किया जा रहा है ताकि इन पुस्तकों को बांटते समय अगर कहीं कोई सवाल उठाए जाएं तो उसके जवाब दिए जा सकें।

फिलहाल पार्टी ने ई-चिंतन के रूप में इस तरह के वर्चुअल प्रशिक्षण का एक हिस्सा शुरू किया है। इसमें केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया जा रहा है। ई-चिंतन के जरिए अभी जिलाध्यक्षों और प्रमुख पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसमें पदाधिकारियों को किस तरह प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करनी है, यह भी बताया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक इसके बाद कार्यकर्ता एक तरह से चुनाव प्रचार के मोड में आ जाएंगे।

chat bot
आपका साथी