कश्मीर से गोविंदनगर सीट पर माहौल बनाएगी भाजपा

सत्यदेव पचौरी के सांसद बनने के बाद रिक्त हुई गोविंदनगर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कराने के लिए भाजपा कश्मीर का सहारा लेगी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Aug 2019 01:38 AM (IST) Updated:Mon, 19 Aug 2019 06:30 AM (IST)
कश्मीर से गोविंदनगर सीट पर माहौल बनाएगी भाजपा
कश्मीर से गोविंदनगर सीट पर माहौल बनाएगी भाजपा

जागरण संवाददाता, कानपुर : सत्यदेव पचौरी के सांसद बनने के बाद रिक्त हुई गोविंदनगर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कराने के लिए भाजपा कश्मीर का सहारा लेगी। जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने संबंधी केंद्र सरकार के निर्णय को भुनाने के लिए पार्टी एक सितंबर को विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालेगी। उपचुनाव के प्रभारी बनाए गए कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की अगुआई में हुई बैठक में यह रणनीति तय की गई।

पार्टी ने पहले उपचुनाव के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को प्रभारी बनाया था। बाद में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता को जिम्मेदारी सौंप दी। उन्होंने रविवार शाम उपचुनाव के लिए बनाई गई समिति के साथ बैठक की। विधानसभा क्षेत्र के तीनों मंडलों के अध्यक्षों ने क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यो की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि यह काम संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द ही कराए जाएंगे ताकि लोगों में किसी तरह की नाराजगी न रहे। बैठक में तिरंगा यात्रा का प्रारूप भी तय किया गया। यात्रा रूट, समय और स्थान समिति और जिला संगठन को तय करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सह प्रभारी रंजना उपाध्याय, जिलाध्यक्ष उत्तर सुरेंद्र मैथानी, सांसद सत्यदेव पचौरी, आनंद रायपाल, रामलखन रावत, पूनम कपूर, रंजीता पाठक, जगदीश तिवारी के साथ ही तीनों मंडल अध्यक्ष अनुपम मिश्रा, ललित उपाध्याय एवं अरविंद सिंह मौजूद रहे। इसके पहले कई स्थानों पर कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया गया।

कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाएगी पार्टी: नंदी

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने लोगों का दिल जीत लिया है। इसलिए उपचुनाव में भाजपा का नाम ही काफी है। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, जनता उसे जिताकर विधानसभा भेजेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में किसी नाम पर विचार नहीं किया गया है, लेकिन मुख्यमंत्री और पार्टी का स्पष्ट मत है कि कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाए।

chat bot
आपका साथी