भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का सम्मेलन आज, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह रहेंगे शामिल, टिकट के लिए व्यापारी नेता दिखाएंगे ताकत

भारतीय जनता पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ का सम्मेलन सोमवार को होना है। इसमें एक ओर जहां पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह रहेंगे वहीं दूसरी ओर व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजन विनीत अग्रवाल सारडा रहेंगे। टिकट की दावेदारी कर रहे व्यापारी नेताओं की ताकत भी इस सम्मेलन से आंकी जाएगी।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 02:49 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 05:26 PM (IST)
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का सम्मेलन आज, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह रहेंगे शामिल, टिकट के लिए व्यापारी नेता दिखाएंगे ताकत
भाजपा के व्यापार प्रकोष्ठ का सम्मेलन आज होना है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ का सम्मेलन सोमवार को होना है। इसमें एक ओर जहां पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह रहेंगे, वहीं दूसरी ओर व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजन विनीत अग्रवाल सारडा रहेंगे। व्यापारियों के शहर में भाजपा के लिए यह सम्मेलन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जीएसटी द्वारा जिस तरह कई वस्तुओं पर टैक्स की दर को बढ़ाया गया है, उसके बाद व्यापारियों में नाराजगी दिखाई दे रही है लेकिन व्यापार प्रकोष्ठ के सम्मेलन में ज्यादा से ज्यादा व्यापारियों को जोड़ने का लक्ष्य स्थानीय पदाधिकारियों को दिया गया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा व्यापार प्रकोष्ठ में सह संयोजक हैं और कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री विनोद गुप्ता व्यापार प्रकोष्ठ में क्षेत्रीय सह संयोजक हैं। कानपुर में भीड़ जुटाने का दायित्व एक तरह से कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के पास ही है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी से जुड़े तमाम व्यापारी भी इस सम्मेलन में पहुंचेंगे। टिकट की दावेदारी कर रहे व्यापारी नेताओं की ताकत भी इस सम्मेलन की सफलता से आंकी जाएगी। कानपुर में आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से जुड़े तमाम व्यापारी नेता दावेदारी कर रहे हैं। खुद व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक तक इस बात की जानकारी लोगों से बातचीत के दौरान ले रहे हैं कि व्यापारी को टिकट देना हो तो कौन व्यापारी ठीक रहेगा। यह चर्चाएं जहां अकेले में हो रही हैं वहीं लोगों के बीच में बैठकर भी इन पर चर्चा हो रही है।

पार्टी नेताओं के मुताबिक भाजपा के प्रदेश प्रभारी और व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सोमवार को व्यापारी नेताओं द्वारा लाई गई भीड़ का भी आंकलन करेंगे। इसमें यह भी देखा जाएगा कि टिकट के दावेदारों की इस सम्मेलन में कितनी सक्रियता है। ऐसे व्यापारी नेताओं पर आगे विचार किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी