कमलरानी वरुण की प्रथम पुण्यतिथि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि, संबोधन के दौरान बेटी स्वप्निल हुईं भावुक

Kamalrani Varun death anniversary भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने कमलरानी वरुण के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि कमलरानी ने सेवा भारती कार्यक्रम से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 08:39 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 08:39 PM (IST)
कमलरानी वरुण की प्रथम पुण्यतिथि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि, संबोधन के दौरान बेटी स्वप्निल हुईं भावुक
सभा को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह।

घाटमपुर, जेएनएन। Kamalrani Varun death anniversary घाटमपुर की विधायक व कैबिनेट मंत्री रहीं कमलरानी वरुण की प्रथम पुण्यतिथि पर नगर के जहानाबाद रोड स्थित एक रिसॉट में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान कमलरानी वरुण की बेटी जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण भावुक हो गईं। 

सोमवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने कमलरानी वरुण के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि कमलरानी ने संघ के सेवा भारती कार्यक्रम से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह सांसद, विधायक और मंत्री बनीं। ऐसा केवल भाजपा में ही संभव है।

 

इसके साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि राम मंदिर की नींव रखना, सर्जिकल स्ट्राइक आदि सभी पांच अगस्त को ही हुआ था। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय को भी याद किया। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को भारत का सबसे अच्छा नेता बताते हुए कहा कि दोनों 24 घंटे काम करते हैं। सीेएम योगी की तारीफ करते हुए वे बोले कि अब मुख्तार और अतीक जैसे माफियाओं का दबदबा खत्म हो गया है। हूटर बजाकर निकलने वाले इन अपराधियों की करोड़ों की संपत्ति धराशाई हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर जनता ऐसा ही आशीर्वाद देती रही तो उत्तर प्रदेश सबसे अच्छा प्रदेश बनेगा।  

कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह: प्रदेश अध्यक्ष ने  इस दौरान कार्यकर्ताओं का भी उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता देव दुर्लभ हैं। विवेक शुक्ल जैसे कार्यकर्ता रात को 12 बजे या दिन के 12 हमेशा पार्टी के काम से मौजूद रहते हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव पर कमर कसने के लिए भी कहा। 

भावुक हुईं जिपं अध्यक्ष स्वप्निल वरुण: जिपं अध्यक्ष स्वप्निल वरुण अपनी मां को याद कर भावुक हो उठीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर आपकी बुआ, बहन कमलरानी वरुण जी नहीं हैं तो आपकी बेटी, भांजी स्वप्निल वरुण मौजूद है। उन्होंने घाटमपुर को नगर जैसी सुविधाएं दिलाने का भी भरोसा दिया। 

इन्होंने भी किया संबोधित: कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक उपेंद्र पासवान, महेश त्रिवेदी, स्नातक एमएलसी अरुण पाठक, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, जिलाध्यक्ष बीना आर्या, सत्येंद्र द्विवेदी आदि ने सभा को संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी