हमीरपुर-महोबा में BJP ने आयोजित किया प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, राज्यमंत्री नीलिमा कटियार और कानपुर विधायक ने लिया हिस्सा

उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के हमीरपुर और महोबा में रविवार को राज्यमंत्री नीलिमा कटियार और कानपुर की गाेविंदनगर विधानसभा सीट से विधायक सुरेंद्र मैथानी क्रमश पहुंचे। जहां एक ओर नीलिमा कटियार ने हमीरपुर में प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लिया तो वहीं मैथानी ने महोबा में हिस्सा लिया।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 04:54 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 04:54 PM (IST)
हमीरपुर-महोबा में BJP ने आयोजित किया प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, राज्यमंत्री नीलिमा कटियार और कानपुर विधायक ने लिया हिस्सा
हमीरपुर में सभा को संबोधित करतीं नीलिमा कटियार और महोबा में मौजूद विधायक सुरेंद्र मैथानी।

हमीरपुर/महोबा, जेएनएन। बुंदेलखंड के हमीरपुर में आयोजित भाजपा प्रबुद्ध सम्मेलन में प्रदेश की राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी और प्रदेश में बेहतरीन कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार के समय में गुंडा व माफियाराज समाप्त हो गया है। प्रदेश के मजदूर, व्यापारी, किसान खुशहाल हुए हैं।  

संकल्पों को पूरा कर रही सरकार: रविवार को कस्बे के स्टेशन रोड स्थित बीआर पैलेस में भाजपा ने प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किया था। जिसमें मुख्य वक्ता प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य लोगों को पार्टी की रीति और नीति से अवगत कराने के साथ सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारियां उपलब्ध कराना है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता पर रखकर कार्य कर रही है और अपने संकल्प पत्र के अनुसार एक-एक कर सारे काम पूरे कर रही है। 

बताया, किन मुद्​दों पर लड़ा जाएगा चुनाव: नीलिमा कटियार ने कहा कि पिछली सरकारों में प्रदेश में गुंडाराज माफियाराज बना हुआ था, लेकिन जब से प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी, तब से गुंडा माफिया या तो ऊपर चले गए हैं या फिर जेल के अंदर हैं। कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से गरीबों, मजदूरों, किसानों व व्यापारियों को लाभ पहुंच रहा है। इन्हीं मुद्दों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव भी लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार ने मिशन शक्ति संचालित कर उन्हें पूरी तरह से संरक्षण देने का काम कर रही है। 

महोबा भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित हुआ प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन: रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र का प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन हुआ। इसकी अध्यक्षता महोबा भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने की। इस मौके पर मुख्य अतिथि कानपुर गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि आज भारत की तरफ पूरी दुनिया आशा भरी निगाहों से देख रही है। देश को नई दिशा एवं उसकी दशा सुधारने का काम समाज के प्रबुद्ध वर्ग ने किया है, और यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। चाहे शिक्षक, अधिवक्ता, चिकित्सक, व्यवसायी हों, और भी अन्य जन जो प्रबुद्ध वर्ग से आते हैं उनका ही देश एवं प्रदेश के विकास को गति प्रदान करने में विशेष योगदान है। मैथानी ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग के योगदान से ही आज में विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मोदी एवं योगी सरकार का पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय स्वप्न को पूरा करने के लिए जन कल्याणकारी नीतियां जन जन तक पहुंचाई जा रही हैं। महोबा सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि अपराध मुक्त, भयमुक्त, सुशासन, संस्कृति, महिलासुरक्षा, आत्मनिर्भरता इन सभी नैतिक मूल्यों को संरक्षण दिया है। जिलाध्यक्ष ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। 

chat bot
आपका साथी