PM Modi Birthday: कानपुर में भाजपा का मेगा शो, दिव्यांगों को उपकरण वितरण की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर कानपुर में भारतीय जनता पार्टी उत्तर की इकाई ने दिव्यागों को उपकरण वितरण करने के लिए मेगा शो का अायोजन किया है। इसके लिए एलिम्को के अधिकारियों के साथ मिलकर बात भी हो चुकी है।
कानपुर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर दिव्यागों को उपकरण वितरण का जिला मेगा शो करने जा रही है। इसमें 517 दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए जाने हैं। उपकरण वितरण की इस तैयारी की जानकारी प्रदेश और केंद्र तक भेजी जा चुकी है। इसीलिए केंद्रीय सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री डा. वीरेंद्र कुमार व जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा वर्चुअल तरीके से इसमें शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन शुक्रवार को मनाए जाने के क्रम भाजपा नेताओं ने इस बार भी तैयारी की है। भाजपा ने पिछले वर्ष जिले में इस मौके पर सेवा सप्ताह आयोजित किया था। इसमें कोरोना पीडि़तों को दवा, भोजन, राशन आदि वितरित किए गए थे। अब एक बार फिर मौका आ गया है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को बड़े स्तर पर मनाने और उस पर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक पहले ही बैठक कर चुके हैं। पार्टी ने दिव्यांगों को उपकरणों बांटने की तैयारी काफी पहले से ही शुरू कर दी थी। इसके लिए एलिम्को के अधिकारियों के साथ मिलकर तमाम दिव्यांगों को उपकरण देने के लिए उनकी नाप आदि भी हो चुकी है।
कार्यक्रम की संयोजक डा. अनुपम जैन हैं। पहले कार्यक्रम मर्चेंट चैंबर में होना था लेकिन फिलहाल संख्या को देखते हुए इसकी जगह में परिवर्तन कर इसे लाजपत नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में किया जा रहा है। इस संबंध में भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष सुनील बजाज के मुताबिक शुक्रवार को दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके लिए एलिम्को के अधिकारियों ने जिन दिव्यागों के लिए जरूरी था, उनकी नाप भी कर ली है। 517 दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए जाने हैं। इसके साथ 200 लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। वहीं दक्षिण जिला 71 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेगा।