संगठन के सहारे संगठित होकर हर सीट पर लड़ी भाजपा, आमने-सामने का दिखा मुकाबला तो कुछ में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति

बसपा प्रत्याशी मीरा कुरील कुछ बूथों में संघर्ष करती नजर आईं। पाली भोगीपुर में सपा की आशा रावत व भाजपा प्रत्याशी रविराज में टक्कर नजर आई। यहां निर्दलीयों ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। पेम में भाजपा प्रत्याशी नेहा निषाद व सपा की सोनाक्षी यादव संघर्ष में नजर आईं।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 08:21 AM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 08:21 AM (IST)
संगठन के सहारे संगठित होकर हर सीट पर लड़ी भाजपा, आमने-सामने का दिखा मुकाबला तो कुछ में त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति
बूथों में अपना दल प्रत्याशी उमेश शुक्ला भी संघर्ष में दिखे

कानपुर, जेएनएन। जिला पंचायत चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर लड़ रही भाजपा ने गुरुवार को हर जिला पंचायत में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। पहली बार संगठन के आधार पर संगठित होकर जिला पंचायत के चुनाव मैदान में उतरी भाजपा की तीन माह से चल रही तैयारियों का असर नजर भी आया। ज्यादातर सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आमने सामने की लड़ाई में दिखे। कहीं उसका मुकाबला सपा से था तो कहीं बसपा से। कुछ सीटों पर यह संघर्ष त्रिकोणीय भी हो गया।

गिरसी से पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. कमल रानी वरुण की बेटी स्वप्निल वरुण की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। सपा की सुमन संखवार उन्हेंं टक्कर दे रही हैं। परास में भाजपा की स्वेता शुक्ला की बसपा की मीना सिंह से सीधी टक्कर दिखी। पतारी में दो बार जिला पंचायत सदस्य रहे राजनारायण कुरील फिर से संघर्ष में दिखे। यहां निर्दलीय राजन बाजपेई व भाजपा के रणविजय सिंह में भी टक्कर दिखी। मकरंदपुर में भाजपा प्रत्याशी अमर सिंह निषाद व बसपा के शिवनाथ निषाद में का सीधा मुकाबला नजर आया।

चौबेपुर में भाजपा के रामलखन रावत की टक्कर सपा की सोमवती संखवार से है। नानामऊ से भाजपा के अश्वनी कटियार, सपा के गगन सिंह ठाकुर, बसपा के मानस रंजन से त्रिकोणीय मुकाबला दिखा। अश्वनी टिकट की घोषणा के दिन ही बसपा से भाजपा में आए थे। नर्वल में भाजपा के सूर्यप्रकाश तिवारी, बसपा के विवेक कुमार मजबूती से लड़ते नजर आए। सिकठिया में भाजपा के कमलेश निषाद व निर्दलीय अखिलेश सिंह में टक्कर रही। कुछ बूथों में अपना दल प्रत्याशी उमेश शुक्ला भी संघर्ष में दिखे।

सरसौल में सपा की चंद्रप्रभा अपने ही नेताओं के समर्थन से मैदान में उतरीं मीना वर्मा से जूझते दिखीं। भाजपा प्रत्याशी सरोजनी देवी भी यहां संघर्ष में रहीं। बसपा प्रत्याशी मीरा कुरील कुछ बूथों में संघर्ष करती नजर आईं। पाली भोगीपुर में सपा की आशा रावत व भाजपा प्रत्याशी रविराज में टक्कर नजर आई। यहां निर्दलीयों ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। पेम में भाजपा प्रत्याशी नेहा निषाद व सपा की सोनाक्षी यादव संघर्ष में नजर आईं। चौबेपुर में भाजपा के श्रद्धा नारायण पांडेय, सपा के प्रवीन त्रिपाठी आमने सामने रहे। निर्दलीय सुरेंद्र यादव भी कई बूथों पर मजबूत रहे। मालो में मुख्य मुकाबला भाजपा के अश्विनी दीक्षित और सपा की गुड्डी शुक्ला के बीच नजर आया। बिलहन में भाजपा के सोमेंद्र व सपा के जितेंद्र में टक्कर दिखी।

chat bot
आपका साथी