केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिए संकेत, भारत की सड़कों पर दौड़ सकते हैं इलेक्ट्रिक ट्रक

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के 39वें स्थापना दिवस पर आयोजित वर्चुअल व्यापारी सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने संबोधित किया।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 09 Aug 2020 01:38 PM (IST) Updated:Sun, 09 Aug 2020 05:05 PM (IST)
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिए संकेत, भारत की सड़कों पर दौड़ सकते हैं इलेक्ट्रिक ट्रक
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिए संकेत, भारत की सड़कों पर दौड़ सकते हैं इलेक्ट्रिक ट्रक

कानपुर, जेएनएन। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संकेत दिए हैं कि देश की सड़कों पर जल्द इलेक्ट्रिक ट्रक दौड़ सकते हैं, इस बारे में सरकार सोच रही है। उन्होंने कहा है कि उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई राज्यों में सड़कों पर तेजी से काम चल रहा है। अब व्यापारी को मेरठ से दिल्ली माल भेजने में मात्र 45 मिनट लगेंगे। अभी जहां दिल्ली से मुंबई माल भेजने में 55 घंटे लगते हैं, वो माल बहुत जल्द 26 घंटे में पहुंचने लगेगा।

दो साल में बदलेगी यूपी और बिहार की तस्वीर

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के 39वें स्थापना दिवस पर आयोजित वर्चुअल व्यापारी सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सड़कों में व्यापक सुधार हो रहा है, हम इलेक्ट्रिक ट्रक लाने के बारे में सोच रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में सड़कों का काम बड़े पैमाने पर चल रहा है और अगले दो वर्ष में इन राज्यों की तस्वीर बदल जाएगी। कहा, आज तमाम देश भारत से जुड़ना चाहते हैं। भारत में निवेश आएगा तो लोगों को रोजगार मिलेगा, लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी। उत्पादन बढ़ेगा तो आर्थिक चक्र भी मजबूत होगा। लॉकडाउन में लगातार उद्योग और व्यापार बंद करना भी ठीक नहीं है, व्यापारी अपने काम के तरीकों में परिवर्तन करें और ग्राहकों को भी उसी के हिसाब से बुलाएं।

कोरोना के साथ जीने की सीखें कला

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना के साथ हमे जीने की कला सीखनी होगी। जब हमे वैक्सीन मिल जाएगी तो हम फिर दौड़ने लगेंगे। व्यापारी जीएसटी में पंजीकृत हों, बैंकों से जुड़ें और अपने उत्पादों की पैकेजिंग अच्छी करें और लॉजिस्टिक को ध्यान में रखें। इन सब चीजों को ध्यान दिया गया तो कारोबार तेजी से बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि गांवों से लोग शहर आ रहे हैं। यह ठीक नहीं है, लोग अपने गांव में ही कार्य को बढ़ाएं। उत्तर प्रदेश और बिहार इसमें बड़ा सहयोग कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में मुश्किल में कौन नहीं है, सबके उद्योग व्यवसाय मुश्किल में हैं, इसलिए यह समय एक दूसरे का हाथ पकड़कर आगे बढ़ने का है। समय के साथ तकनीक का प्रयोग करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम बिहारी मिश्र और संचालन प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकुंद मिश्र ने किया। ऑनलाइन सम्मेलन में देश भर से व्यापारी जुड़े रहे।

chat bot
आपका साथी