तेज होगा भाजपा का यादव वोट जोड़ने का अभियान

14 राज्यों के यादव महासभा के प्रतिनिधि नया संदेश लेकर अपने घर लौटे

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 09:38 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 09:41 PM (IST)
तेज होगा भाजपा का यादव  वोट जोड़ने का अभियान
तेज होगा भाजपा का यादव वोट जोड़ने का अभियान

जागरण संवाददाता, कानपुर : सपा के यादव वोट बैंक को भाजपा ने तगड़ा झटका दिया है। यह झटका सिर्फ उत्तर प्रदेश में ही नहीं, इसका संदेश दूसरे राज्यों तक गया है। चौधरी हरमोहन सिंह यादव जन्म शताब्दी समारोह में भाग लेने आए 14 राज्यों के यादव महासभा के प्रतिनिधि मंगलवार को एक नया संदेश लेकर वापस लौटे। वहीं भाजपा मेहरबान सिंह का पुरवा के गढ़ को तोड़ने के बाद कानपुर और आसपास यादवों के और भी सम्मेलन करने की तैयारी में जुट गई है।

चौधरी हरमोहन सिंह यादव ने यादवों के बीच सपा के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की काफी पैठ बनवाई। हरमोहन सिंह यादव देश भर की यादव महासभा के अध्यक्ष थे और जब वह दूसरे राज्यों में जाते थे तो मुलायम सिंह यादव को साथ ले जाते थे। खुद सपा के राज्यसभा सदस्य सुखराम सिंह यादव ने सोमवार को मंच से इसकी पुष्टि की थी। हरमोहन सिंह यादव के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होने आए लोगों के मुताबिक जब हरमोहन सिंह यादव मेहरबान सिंह का पुरवा में यादव महासभा से जुड़े कार्यक्रम में देश भर से लोगों को बुलाते थे तो मुलायम सिंह यादव भी आते थे। ये लोग जब वापस लौटते थे तो समाज के लिए संदेश लेकर जाते थे, लेकिन इस बार संदेश अलग था। इस बार मुलायम सिंह यादव नहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह थे। भाजपा नेताओं के मुताबिक अब जब ये अपने राज्यों में जा रहे हैं तो संदेश अलग ही होगा। भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि जल्दी ही इसका असर दिखाई देगा। कानपुर और आसपास के जिलों में यादवों के सम्मेलन भी बढ़ेंगे। उनके पास यादव नेताओं में से ही लोग होंगे जो सपा के खिलाफ खुलकर उनके ही क्षेत्र में बोल सकेंगे।

chat bot
आपका साथी