Bikru Case : विकास दुबे के खजांची जय बाजपेयी और प्रशांत शुक्ला पर लगा NSA

दो जुलाई 2020 को गैंगस्टर विकास दुबे ने बिकरू में दबिश डालने गई पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया था। इस दौरान तत्कालीन सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने विकास दुबे समेत छह को अलग-अलग मुठभेड़ में मार गिराया था

By Akash DwivediEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 08:12 AM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 08:12 AM (IST)
Bikru Case : विकास दुबे के खजांची जय बाजपेयी और प्रशांत शुक्ला पर लगा NSA
बिकरू कांड के मुख्य आरोपित गैंगस्टर विकास दुबे के खजांची जय बाजपेयी

कानपुर, जेएनएन। बिकरू कांड के मुख्य आरोपित गैंगस्टर विकास दुबे के खजांची जय बाजपेयी व उसके साथी प्रशांत शुक्ला के खिलाफ पुलिस ने आखिर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। शनिवार को दोनों को जेल में नोटिस तामील करा दी गई। अब तक बिकरू कांड के पांच आरोपितों पर एनएसए की कार्रवाई हो चुकी है।

दो जुलाई 2020 को गैंगस्टर विकास दुबे ने बिकरू में दबिश डालने गई पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया था। इस दौरान तत्कालीन सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने विकास दुबे समेत छह को अलग-अलग मुठभेड़ में मार गिराया था। पांच जुलाई की सुबह काकादेव पुलिस को विजय नगर चौराहे पर तीन लावारिस कारें खड़ी मिलीं। यह अलग-अलग नामों से रजिस्टर्ड थीं, लेकिन इनका प्रयोग नजीराबाद के हर्ष नगर निवासी जय बाजपेयी कर रहा था।

प्रकरण की जांच हुई तो राजफाश हुआ। पता चला कि जय बाजपेयी इन कारों का प्रयोग विकास दुबे को शहर से बाहर ले जाने में प्रयोग करने वाला था। पुलिस की सख्ती के चलते ऐसा नहीं कर सका। 20 जुलाई को जय गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप लगा कि जय ने ही बिकरू कांड से दो दिन पहले विकास को कारतूस और पैसे मुहैया कराए थे। बाद में सामने आया कि विकास के आपराधिक साम्राज्य का प्रमुख खजांची जय ही था। विकास दुबे के करोड़ों रुपयों को उसने प्रापर्टी डीलिंग, शेयर बाजार, चिटफंड, ब्याज पर उधार देने आदि में लगाया था। बाद में पुलिस ने जय के साथी नवाजगंज निवासी प्रशांत शुक्ला उर्फ डब्बू को भी गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जमानत याचिका डालने के बाद जय बाजपेयी और प्रशांत के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई शुरू की गई थी। डीएम की संस्तुति के आधार पर शासन से हरी झंडी मिलते ही शनिवार को दोनों के खिलाफ थाना चौबेपुर में एनएसए के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। दोनों को माती जेल में नोटिस भी तामील करा दी गई है।

chat bot
आपका साथी