बैराज प्लांट बंद, दस लाख जनता प्यासी

प्लांट से छह करोड़ लीटर जलापूर्ति 16 जून तक रहेगी बंद।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 01:34 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 01:34 AM (IST)
बैराज प्लांट बंद, दस लाख जनता प्यासी
बैराज प्लांट बंद, दस लाख जनता प्यासी

- प्लांट से छह करोड़ लीटर जलापूर्ति 16 जून तक रहेगी बंद

-लीकेज ठीक करने के लिए रावतपुर में बंद किया गया रास्ता

जागरण संवाददाता, कानपुर : गंगा बैराज प्लांट की मुख्य पाइप लाइन फिर काकादेव के पास फट गई। लीकेज ठीक करने के लिए जल निगम ने शनिवार को खोदाई शुरू कर दी। इस वजह से रावतपुर से काकादेव जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया है। बैराज से रोज होने वाली छह करोड़ लीटर जलापूर्ति शनिवार की शाम से 16 जून तक बंद कर दी गई है। इसके चलते दस लाख जनता को पेयजल के लिए जूझना पड़ेगा।

दस दिन पहले रावतपुर क्रासिग के आगे लीकेज होने से पांच दिन बैराज प्लांट और काकादेव जाने वाला रास्ता बंद रहा था। शनिवार को फिर जल निगम ने लीकेज ठीक करने के लिए रास्ता खोद दिया। इसके चलते रावतपुर क्रासिग से देवकी चौराहा काकादेव जाने वाला रास्ता फिर बंद कर दिया गया। वाहनों को आरटीओ मार्ग से होकर देवकी चौराहा जाना होगा। यदि बरसात से पहले खोदी सड़क को मोटरेबल नहीं किया जाएगा तो रास्ता भी खतरनाक हो जाएगा। वहीं प्लांट बंद होने से निराला नगर, काकादेव, सर्वोदय नगर, बर्रा, फूलबाग, बेकनगंज, कमला टावर, जनरलगंज, साकेत नगर समेत कई इलाकों में पेयजल संकट रहेगा। जल निगम के परियोजना प्रबंधक शमीम अख्तर ने बताया कि लीकेज ठीक करने के लिए खोदाई की जा रही है। 16 जून तक बैराज प्लांट बंद रखा जाएगा।

रामआसरे नगर में सीवर समस्या होगी समाप्त

जासं , कानपुर : गोविंदनगर कच्ची बस्ती रामआसरे नगर में कई वर्षों से सीवर लाइन की समस्या थी। पिछले दिनों दैनिक जागरण आपके द्वार कार्यक्रम में सीवर समस्या को जनता ने अधिकारियों ने सामने रखा था। अब एक माह के अंदर इस समस्या से निजात दिलाने का काम शुरू हो जाएगा।

रामआसरे नगर में पांच हजार से ज्यादा आबादी रहती है। यहां पर सीवर लाइन नहीं होने से गलियों में जलभराव रहता है। बारिश में तो घरों से निकलना दूभर हो जाता है। 17 जनवरी को निराला नगर में आयोजित जागरण आपके द्वार कार्यक्रम में रामआसरे नगर की सीवर समस्या को उठाया गया था। उसी दिन महापौर प्रमिला पांडेय और विधायक महेश त्रिवेदी ने रामआसरे नगर का निरीक्षण किया था। इसके बाद जलकल अधिकारियों ने भी इलाके का निरीक्षण कर रूपरेखा तैयार की। पार्षद गिरीश चंद्रा ने बताया कि क्षेत्र में 450 मीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए 27 लाख रुपये खर्च होंगे। अवर अभियंता राज कुमार पटेल ने बताया कि 16 जून को टेंडर खुलेंगे। इसके बाद काम होगा।

--------------------

जोनल कार्यालय में नगर आयुक्त का हो चुका है घेराव

गोविद नगर स्थित नगर निगम जोनल कार्यालय में नगर आयुक्त अधिकारियों के साथ बैठक करने आये थे। सूचना मिलते ही रामआसरे नगर के लोगों ने सीवर लाइन डालने को लेकर उनका घेराव किया था।

chat bot
आपका साथी