काम से नाखुश बंसल, जिलाध्यक्षों को फटकार

भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन ने खोली पोल, 25 फीसद ही हुआ मतदाता पुनरीक्षण का काम

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Jul 2018 01:38 AM (IST) Updated:Tue, 24 Jul 2018 01:15 PM (IST)
काम से नाखुश बंसल, जिलाध्यक्षों को फटकार
काम से नाखुश बंसल, जिलाध्यक्षों को फटकार

जागरण संवाददाता, कानपुर : 'सत्ता सुख' भोग रहे भाजपा के अधिकांश जिलाध्यक्ष संगठन के काम को लेकर लापरवाही कर रहे हैं। मतदाता सूची संवर्धन को लेकर हो-हल्ला कितना भी मचा हो, लेकिन काम बमुश्किल 25 फीसद ही हुआ। खुद इसकी पोल खोलते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने समीक्षा की और कानपुर-बुंदेलखंड के जिलाध्यक्षों की जमकर फटकार लगाई।

भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की बैठक सोमवार को प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने दक्षिण स्थित एक गेस्ट हाउस में ली। उन्होंने पार्टी द्वारा पूर्व में चलाए गए अभियान और कार्यक्रमों की समीक्षा की। बताया कि इससे पहले मतदाता सूची संवर्धन अभियान चला। सभी जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई थी कि इस कार्य में सक्रियता से लगें और बूथ स्तर पर मजबूती से काम करें। इसके बावजूद परिणाम यह है कि 25 फीसद बूथों पर ही काम हो सका। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर बूथ पर अपने मतदाताओं के नाम नहीं जुड़वाएंगे तो अगला लोकसभा चुनाव कैसे जीतेंगे। बंसल ने कहा कि एक सितंबर से 31 अक्टूबर तक चुनाव आयोग फिर मतदाता संवर्धन का कार्य कराएगा, उसमें गंभीरता से काम करना होगा। इस बार कोई लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि दो चरणों में महासंपर्क अभियान चलाया गया। अब फिर यह कार्यक्रम चलेगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के जो भी लाभार्थी हैं, संपर्क कर उन्हें भाजपा का वोटर बनाएं। साथ ही जिलाध्यक्ष कोई भी प्रस्ताव सरकार को सीधे नहीं भेजेंगे। हर हाल में हर जिले में समन्वय समिति की दो बैठकें जिला प्रभारी के साथ जिलाध्यक्ष को करानी होंगी। वहीं, एक बैठक अनिवार्य रूप से जिले के प्रभारी मंत्री के साथ होगी। समन्वय समिति की सहमति पर ही कोई प्रस्ताव सरकार के पास जाएगा। उन्होंने मोर्चो के जिलाध्यक्ष बनाने के लिए तीन-तीन नामों के पैनल 30 जुलाई तक भेजने के निर्देश दिए। बैठक को प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह और क्षेत्रीय महामंत्री संगठन भवानी सिंह ने भी संबोधित किया।

यह भी रहे मौजूद

डॉ. बीना आर्या, कृष्णमुरारी शुक्ल, भूदेव राजपूत, पर्वत सिंह यादव, शैलेंद्र शुक्ला, आनंद राजपाल, संजीव ऋंगऋषि, आशारानी कबीर, हनुमान मिश्र, मोहित पांडेय आदि।

chat bot
आपका साथी