स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्षियों पर साधा निशाना, बोले- राम का अस्तित्व नकारने वालों को सवाल का अधिकार नहीं

Ayodhya Ram Mandir Land Dispute भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरे बुधवार दोपहर इटावा पहुंचे। यहां बातचीत में वे बोले कि जिन्होंने देश को लूटा भ्रष्टाचार किया जिनकी प्रभु श्रीराम में आस्था नहीं है वही लोग आज ऐसी अनर्गल बातें कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 05:39 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 05:39 PM (IST)
स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्षियों पर साधा निशाना, बोले- राम का अस्तित्व नकारने वालों को सवाल का अधिकार नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की सांकेतिक फाेटो।

इटावा, जेएनएन। Ayodhya Ram Mandir Land Dispute  अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमि विवाद पर प्रतिदिन कोई न कोई विपक्षी दल का नेता प्रश्न उठा रहा है। इस कड़ी में अब तक लगभग सभी पार्टियों के बयान आ चुके हैं। दूसरी ओर मंदिर निर्माण के लिए जुटाई गई चंदे की राशि को लेकर तमाम नेता सरकार को घेरने का प्रयत्न भी कर रहे हैं। वहीं, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने जमीन खरीदने में घोटाले के आरोप को बेबुनियाद बताया है। ट्रस्ट का दावा है कि जिन जमीनों को खरीदा गया है, उनका मूल्य बाजार दाम से कम ही दिया गया है। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह इटावा पहुंचे। यहां से उन्होंने अयोध्या विवाद पर प्रश्न उठाने वाले विपक्षी नेताओं को करारा जवाब दिया। 

प्रदेश अध्यक्ष ने अपनाया सख्त रुख: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अयोध्या जमीन विवाद पर विपक्षियों को घेरते हुए कहा कि जो लोग श्रीराम की महिमा में आस्था नहीं रखते हैं, राम और रामसेतु के अस्तित्व को नकारते हैं, राम और मंदिर से प्रेम नहीं करते हैं और रामभक्तों पर गोलियां चलवाते हैं उनको सवाल पूछने का कोई अधिकार नहीं है। गौरतलब है कि इस बयान के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मिजाज में काफी सख्ती देखने को मिली। 

एक दिवसीय दौरे पर हैं स्वतंत्र देव: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरे बुधवार दोपहर इटावा पहुंचे। यहां बातचीत में वे बोले कि जिन्होंने देश को लूटा, भ्रष्टाचार किया, जिनकी प्रभु श्रीराम में आस्था नहीं है, वही लोग आज ऐसी अनर्गल बातें कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। ऐसे लोग भला क्या राम की बात करेंगे जो सच्चाई है, वह सबके सामने आ चुकी है। 

योगी के चेहरे पर लड़ा जाएगा चुनाव: स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 2022 का चुनाव भाजपा ईमानदार, कर्मठ, परिश्रम की पराकाष्ठा पार करने वाले योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ेगी। उन्होंने इटावा में जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में भाजपा के निराशाजनक प्रदर्शन पर कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की तिथि घोषित हो गई है, अध्यक्ष के चुनाव में पता चल जाएगा कि प्रदेश में किसकी सीटें अधिक हैं, कौन जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगा यह भी पता चल जाएगा। हालांकि पंचायत चुनाव की बात करते समय दृढ़संकल्पित होकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इटावा में हम ही चुनाव जीतेंगे। 

कोरोना की तीसरी लहर से लडऩे को सरकार तैयार: इससे पहले औरैया में पूर्वाह्न करीब 11:10 बजे दिवंगत सदर विधायक रमेश दिवाकर के समरथपुर स्थित फार्म हाउस पर स्वजन को ढांढस बंधाने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद तीसरी लहर की आशंका है। उससे लडऩे के लिए सरकार ने कमर कस ली है। स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कमी नहीं रखने को प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों से कहा गया है कि कतई कोताही न बरती जाए। कहीं भी खामियों को सीधे सरकार को बताएं। उन्हें तत्काल दूर किया जाएगा। कहा कि छोटे व बड़े बच्चों के उपचार के लिए अस्पतालों में बनने वाली यूनिट व संसाधनों की रिपोर्ट जिलेवार मांगी गई है। सभी जनप्रतिनिधियों से एक-एक स्वास्थ्य केंद्र गोद लेने की अपील की गई है। फार्म हाउस पर राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य, जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा, संतोष उर्फ लल्ला शर्मा, जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा, एएसपी शिष्यपाल, एसडीएम रमेश यादव मौजूद रहे।    

chat bot
आपका साथी