बूथ अध्यक्षों से संवाद कर लोकसभा चुनाव जीतने का मंत्र देंगे अमित शाह

30 जनवरी को साकेत नगर स्थित रेलवे ग्राउंड पर होगा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, पार्टी समन्वय समिति की बैठक में हुआ मंथन।

By Edited By: Publish:Fri, 18 Jan 2019 12:16 AM (IST) Updated:Fri, 18 Jan 2019 04:13 PM (IST)
बूथ अध्यक्षों से संवाद कर लोकसभा चुनाव जीतने का मंत्र देंगे अमित शाह
बूथ अध्यक्षों से संवाद कर लोकसभा चुनाव जीतने का मंत्र देंगे अमित शाह
कानपुर, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनाव के दौरान बूथ मैनेजमेंट कैसे बेहतर हो, ताकि चुनाव जीता जा सके। इसके लिए कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 20881 बूथ अध्यक्षों से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सीधे संवाद करेंगे। 30 जनवरी को साकेत नगर स्थित रेलवे मैदान पर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन होगा। जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यह जानकारी भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने दी। वहीं सम्मलेन की तैयारियों के संबंध में गुरुवार को पार्टी की समन्वय समिति की बैठक सर्किट हाउस में हुई। जिसकी अध्यक्षता भी उन्होंने की। मुख्य अतिथि एमएलसी अशोक कटारिया ने कहा कि बूथ अध्यक्षों के अलावा सम्मेलन में 1887 सेक्टर संयोजक व 202 मंडल अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि सभी का प्रवेश प्रवेशिका से होगा। मैदान में कुल आठ अलग-अलग द्वार बनाए जाएंगे, जिनमें सरकार की सभी योजनाओं की बुकलेट दी जाएगी। इसके अलावा सभी कार्यकर्ताओं को जिलेवार बैठाया जाएगा।
भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि आगामी छह फरवरी को कन्नौज में होने वाले सेक्टर सम्मेलन में जिले के पदाधिकारी प्रतिभाग करेंगे। यहां महापौर प्रमिला पांडेय, उत्तर जिला प्रभारी बाबूराम निषाद, विधायक नीलिमा कटियार, सुशील कटियार, महेश त्रिवेदी, सुरेश अवस्थी, सुनील बजाज, प्रमोद अग्रहरि, सत्येंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।
भामसं के पदाधिकारी ने सांसद को बताईं समस्याएं
भाजपा सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित अपने कार्यालय में जनता की समस्याएं सुनीं। जाजमऊ से पहुंची जरीना खातून ने बेटी से छेड़छाड़ की समस्या उनके सामने रखी। फौरन ही सांसद डॉ. एमएम जोशी ने आइजी आलोक सिंह से बात कर समस्या का समाधान कराने को कहा। वहां मौजूद भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने भी सांसद को संगठन की समस्याओं के विषय में बताया।
आशा माता सेवा समिति के पदाधिकारियों मुकुंद मिश्रा, संत मिश्रा, प्रेम गुप्ता, विनीत चंदेल आदि ने झकरकटी समानांतर पुल के निर्माण के दौरान आशा माता मंदिर को शिफ्ट किए जाने की बात रखी। इस पर सांसद डॉ. जोशी ने जल्द ही समाधान कराने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने पार्टी के दक्षिण कार्यालय में पहुंचकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओें की समस्याओं को भी सुना।
chat bot
आपका साथी