सत्ता में आए तो देंगे पक्का घर और मुफ्त बिजली, बोले अखिलेश- भाजपा ने किया सबसे बड़ा राष्ट्रदोह

उन्नाव में क्रांति रथ लेकर पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- बड़े दलों के साथ समाजवादियों का अनुभव ठीक नहीं रहा अब छोटों का साथ लिया जाएगा। कोरोना से मौतों पर राज्यसभा में सरकार झूठ बोल रही है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 08:50 AM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 08:50 AM (IST)
सत्ता में आए तो देंगे पक्का घर और मुफ्त बिजली, बोले अखिलेश- भाजपा ने किया सबसे बड़ा राष्ट्रदोह
उन्नाव में अखिलेश यादव क्रांति रथ लेकर पहुंचे थे।

उन्नाव, जेएनएन। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि अब बदलाव की जरूरत है। यह बदलाव समाजवादी पार्टी के पक्ष में होगा और प्रदेश में 2022 में सपा की सरकार बनी तो मुफ्त बिजली, प्रत्येक जरूरतमंद को लोहिया आवास के लिए तीन लाख रुपये व छात्रों को लैपटाप देंगे। सपा का घोषणा पत्र गरीबों, किसानों के लिए होगा और पहले से बेहतर होगा।

भाजपा को हराने की मंशा रखने वालों के लिए सपा के रास्ते खुले

उन्होंने कहा कि बड़े दलों के साथ समाजवादियों का अनुभव ठीक नहीं रहा। इसलिए आने वाले समय में छोटे दलों को ही साथ लेंगे। बसपा के संबंध में कुछ नहीं कहूंगा, क्योंकि जनता ने उनकी सरकार देखी है। भाजपा को हराने की मंशा रखने वालों के लिए समाजवादी पार्टी के रास्ते खुले हैं। इससे उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और बसपा से गठबंधन को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर भी विराम लगा दिया।

किसी की जासूसी कराना सबसे बड़ा राष्ट्रद्रोह

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएम, एसपी, नेता, मंत्री, सांसद व विधायक सब भाजपा के हैं, फिर भी सरकार लोगों की जासूसी करा रही है। किसी की जासूसी कराना सबसे बड़ा राष्ट्रद्रोह है। तंज कसा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री तो कमाल के हैं, उनका एक ही संविधान है, ठोको संविधान। सपा ने युवाओं को शिक्षित करने के लिए लैपटाप बांटे। यह लैपटाप कोरोना काल में बहुत काम आए। मौजूदा सीएम ने लैपटाप नहीं बांटे, क्योंकि वह लैपटाप चलाना नहीं जानते और वो क्या करना जानते हैं, ये नहीं बताएंगे।

भाजपा बताए किसानों की आय

उन्हाेंने कहा कि किसानों और जनता के साथ धोखा हुआ है। किसानों से आय दोगुनी करने का भाजपा ने वादा किया था, लेकिन साढ़े चार साल में कुछ नहीं किया। अब सरकार को किसानों की आय तो घोषित करनी चाहिए, जिससे उनकी वास्तविक आय पता चले। देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी, महंगाई बढ़ी है। भाजपा ने अपना संकल्प पत्र कूड़ेदान में फेंक दिया है। कोरोना से लाखों गरीबों की जान चली गई, उन्हें इलाज नहीं मिला, पर सरकार राज्यसभा में बयान दे रही है कि आक्सीजन की कमी से कोई भी मौत नहीं हुई। इन मौतों की जिम्मेदार, केवल भाजपा सरकार है। सबसे सस्ती दवाओं की उपलब्धता ख्वाब ही रहा, बल्कि उनकी ब्लैक में बिक्री हुई। भाजपा कभी सही आंकड़ा नहीं देगी कि कितने लोगों की मौत कोरोना से हुई है।

chat bot
आपका साथी