बांदा: फसल की रखवाली करने खेत जा रहे दंपती करंट से झुलसे, हादसे में पति ने गंवाई जान

भतीजे सरवन ने बताया कि टुल्लू के तार से हैंडपंप में करंट उतरने पर हादसा हुआ है। चाचा सुखदेव खेती करने के साथ परिवार के भरण-पोषण के लिए कानपुर में ई-रिक्शा चलाते थे। लेकिन कोरोना संकट काल को लेकर वह तीन माह पहले वहां से घर लौट आए थे।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 07:47 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 07:47 PM (IST)
बांदा: फसल की रखवाली करने खेत जा रहे दंपती करंट से झुलसे, हादसे में पति ने गंवाई जान
बांदा में युवक की मौत की खबर से संबंधित प्रतीकात्मक फोटो।

बांदा, जेएनएन। सब्जी की फसल की रखवाली करने खेत गए किसान की  करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। उसे बचाने के चक्कर में पत्नी भी झुलस गई। हादसे को लेकर स्वजन बेहाल हैं। 

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमलोहरा निवासी चुन्ना का 40 वर्षीय पुत्र किसान सुखदेव सोमवार दोपहर खेत में फसल की रखवाली करने गया था। वहां हैंडपंप छूने पर करंट की चपेट आ गया।  उसकी चीख सुनकर पास में मौजूद 35 वर्षीय पत्नी माया ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी तेज झटका लगने से झुलस गई। इस बीच अन्य स्वजन ने किसी तरह मोटर का तार हटाकर किसान को करंट से मुक्त कराया। आनन-फानन उसे सीएचसी बबेरू में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया। स्वजन के जिला अस्पताल ले जाने पर उपचार शुरू होने के पहले उसकी मौत हो गई।

कोरोना संकट काल में कानपुर से लौटकर आया था घर: भतीजे सरवन ने बताया कि टुल्लू के तार से हैंडपंप में करंट उतरने पर हादसा हुआ है। चाचा सुखदेव खेती करने के साथ परिवार के भरण-पोषण के लिए कानपुर में ई-रिक्शा चलाते थे। लेकिन कोरोना संकट काल को लेकर वह तीन माह पहले वहां से घर लौट आए थे। उनके एक बेटी व दो बेटे हैं। पत्नी समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।  

chat bot
आपका साथी