विद्युत शवदाह गृहों में चार-चार घंटे की वेटिग

कोरोना के बढ़ते प्रकोप के साथ ही भैरोघाट और भगवतदास घाट पर कोरोना से मृत लोगों के शवों की लाइन बढ़ती जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 02:19 AM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 02:19 AM (IST)
विद्युत शवदाह गृहों में चार-चार घंटे की वेटिग
विद्युत शवदाह गृहों में चार-चार घंटे की वेटिग

जागरण संवाददाता, कानपुर : कोरोना के बढ़ते प्रकोप के साथ ही भैरोघाट और भगवतदास घाट स्थित विद्युत शवदाह गृहों में कोरोना से मृत लोगों के शवों की संख्या बढ़ती जा रही है। दोनों ही विद्युत शवदाह गृहों में वेटिग शुरू हो गई है। शवों के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को चार-चार घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। संक्रमितों के शवों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम ने रविवार से टोकन सिस्टम शुरू कर दिया है।

भैरोघाट विद्युत शवदाह गृह में शनिवार को 27 ऐसे शवों का अंतिम संस्कार सुबह चार बजे तक किया गया। भगवतदास घाट में 12 शवों का अंतिम संस्कार सुबह पौने दो बजे तक किया गया। रविवार को हालात और भी बदतर थे। सुबह से ही कोरोना से मृत लोगों के शवों की लाइन लगने लगी। भैरोघाट विद्युत शवदाह गृह का शाम आठ बजे तक नजारा यह था कि 16 शवों का अंतिम संस्कार हो चुका था और 20 का होना बाकी था। भगवतदास घाट पर नौ शवों का अंतिम संस्कार हो चुका था और 11 का होना बाकी था। सुपरवाइजर मोहम्मद कमरुद्दीन ने बताया कि ऐसा कभी नहीं हुआ। कोरोना से मृत लोगों के शवों की संख्या दिनोदिन बढ़ती जा रही है।

भैरोघाट में लकड़ी विक्रेता अनूप तिवारी ने बताया कि इससे पहले कभी ऐसा नजारा घाटों का नहीं देखा। सुबह से लेकर शाम तक लोगों के आने का तांता लगा हुआ है।

भैरोघाट पर अंतिम संस्कार के लिए प्लेटफॉर्म बनाएं

जासं, कानपुर : पुलिस आयुक्त असीम अरुण ने रविवार दोपहर कोरोना से मृत लोगों के शवों के अंतिम संस्कार में आ रही समस्याओं को देखा। वह फोर्स के साथ भैरोघाट पहुंचे और वहां अलग से एक प्लेटफॉर्म बनाने के निर्देश दिए। साथ ही भगवतदास घाट पर अंतिम संस्कार के स्थलों के हिसाब से ही शव लाने के लिए कहा। पुलिस आयुक्त ने कहा कि भैरौघाट पर लोगों के बैठने के लिए भी समुचित इंतजाम किया जाए। थाना प्रभारियों को यहां पुलिसकर्मी तैनात करने के आदेश दिए। इससे पूर्व पुलिस आयुक्त ने सिविल लाइंस, ग्वालटोली, पार्वती बागला रोड, तिलक नगर आदि स्थानों पर लॉकडाउन की स्थिति देखी। लोगों से अपील की कि वे कोरोना से लड़ाई में प्रशासन का साथ दें।

chat bot
आपका साथी