36 घंटे में 120 मिमी बारिश, फसलों के लिए फायदेमंद

मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। दो दिन से लगातार बारिश हो रही है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 02:20 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 02:20 AM (IST)
36 घंटे में 120 मिमी बारिश,  फसलों के लिए फायदेमंद
36 घंटे में 120 मिमी बारिश, फसलों के लिए फायदेमंद

जागरण संवाददाता, कानपुर : मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। अगले दो से तीन दिन यही स्थिति बनी रह सकती है। हवा सामान्य से तेज चलेगी और तापमान में गिरावट होगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि ने पिछले 36 घंटे में 120 मिलीमीटर बारिश का आकलन किया है। विवि ने फसलों के लिए इस बारिश को फायदेमंद बताया है।

बारिश की वजह से तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 27.4, न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा की औसत गति 5.6 किमी प्रति घंटे रही। अधिकतम आ‌र्द्रता 98 फीसद तक पहुंच गई है। मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 31 जुलाई तक आसमान में घने बादल छाए रह सकते हैं। तेज हवा और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मध्य प्रदेश पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ गया है। अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है।

खेतों में पानी न जमा होने दें

पिछले दो दिन से हो रही बारिश मक्का, धान, भिडी, लोबिया, लौकी, तरोई, मिर्च के लिए फायदेमंद है। हालांकि खेतों में पानी का जमाव सब्जियों को खराब कर सकता है। शाकभाजी अनुसंधान अनुभाग के डा. संजीव सचान ने बताया कि टमाटर, मिर्च, बैंगन की नर्सरी तैयार की गई है। इसके लिए बारिश फायदेमंद है। अन्य सब्जियों के खेत में पानी की निकासी की व्यवस्था होना जरूरी है।

chat bot
आपका साथी