छप्पर गिरने से महिला की मौत, 13 ग्रामीणों के गिरे मकान

-उमर्दा ठठिया व हसेरन समेत कई जगहों पर गिरे मकान -घायल हुए चार लोगों को मेडिकल क

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 07:06 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 07:06 PM (IST)
छप्पर गिरने से महिला की मौत, 13 ग्रामीणों के गिरे मकान
छप्पर गिरने से महिला की मौत, 13 ग्रामीणों के गिरे मकान

-उमर्दा, ठठिया व हसेरन समेत कई जगहों पर गिरे मकान

-घायल हुए चार लोगों को मेडिकल कालेज में कराया गया भर्ती

संवाद सहयोगी, तिर्वा: घर के बाहर बरामदे में सो रही महिला पर छप्पर गिर गया। इससे महिला मलबे में दब गई और उसकी मौत हो गई। इसके अलावा अलग-अलग गांव में 13 ग्रामीणों के मकान गिर गए। इसमें चार लोग घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।

कोतवाली क्षेत्र के लोहराना गांव निवासी 55 वर्षीय रामा देवी पत्नी स्व. कृपाल सिंह घर के बाहर बरामदे में चारपाई पर सो रही थीं। आधी रात को बारिश में छप्पर गिर गया। इससे रामा देवी मलबे में दब गईं। स्वजन ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, पर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हसेरन ब्लाक के रौसेन गांव निवासी ममता देवी पत्नी कल्लू व इनकी 12 वर्षीय बेटी शांति देवी मकान की कच्ची दीवार गिरने से चोटिल हो गईं। ममता को मेडिकल कालेज से रेफर कर दिया गया। वहीं, महुआपुर के करीम नगर में कुंजा देवी पत्नी संतोष कुमार, केशवती पत्नी सतीश चंद्र, सुदामा पुत्र रामदयाल के मकानों की कच्ची दीवारें गिर गईं। कोतवाली क्षेत्र के मंगलीपुरवा गांव निवासी रामेंद्र कुमार की दीवार पड़ोस के सुरेश चंद्र व रामऔतार के मकानों पर गिर गई। इससे तीनों लोगों के घरों पर नुकसान हुआ है। उमर्दा ब्लाक के खानपुर मवइया की विमला देवी पत्नी रघुनंदन सिंह, जडेर गांव में राजू सिंह पुत्र रामचंद्र, गुरौली गांव निवासी मैनुद्दीन खां, ठठिया के उमरन के मजरा ताहरपुर गांव निवासी लायक प्रसाद व गजेंद्र प्रसाद के घरों की छतें गिर गई। इससे हजारों का नुकसान हुआ। हसेरन निवासी अनिल तिवारी का घर गिरा है। तहसीलदार अनिल कुमार सरोज ने बताया कि लेखपालों की टीमें लगा दी गई है। सर्वे कराया जा रहा। पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिनके मकान कच्चे हैं वह बारिश से बचने के लिए सरकारी भवनों का अस्थायी तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं।

chat bot
आपका साथी