सौ शैय्या अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म, एंबुलेंस भी खाली

संवाद सहयोगी छिबरामऊ (कन्नौज) मरीजों के लिए उम्मीद की किरण बने 100 शैया अस्पताल में अ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 11:18 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 11:18 PM (IST)
सौ शैय्या अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म, एंबुलेंस भी खाली
सौ शैय्या अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म, एंबुलेंस भी खाली

संवाद सहयोगी, छिबरामऊ (कन्नौज) : मरीजों के लिए उम्मीद की किरण बने 100 शैया अस्पताल में आक्सीजन नहीं होने से मरीज रेफर किए जा रहे हैं। मरीजों को लाने और ले जाने वाली 108 एंबुलेंस भी बिना आक्सीजन के ही सड़कों पर दौड़ रही है।

नगला दिलू स्थित 100 शैया अस्पताल में आक्सीजन की आपूर्ति के लिए कुल 24 सिलिडर हैं। गुरुवार को आक्सीजन सिलिंडर खाली हो गए। इस बीच सीएमएस और सीएमओ के बीच वार्ता हुई। उन्होंने रीफिलिंग के लिए सिलिडर भिजवाने को कहा। 20 सिलिडर एंबुलेंस से छिबरामऊ से भेजे गए। इनमें 16 को कामर्शियल बताकर मेडिकल कॉलेज में रखवा दिया गया। बाकी चार सिलिडर री-फिलिंग के लिए कानपुर भेज दिया गया। वहीं, इस बीच अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ती रही। इससे बाकी सिलिंडर भी खत्म हो गए। रात में स्वास्थ्य कर्मियों ने एक सिलिंडर की मदद से मरीजों को आक्सीजन उपलब्ध कराई। कई बार तीमारदारों ने नाराजगी जताई। स्वास्थ्य कर्मियों ने समझा-बुझाकर सभी को शांत किया। इसके बाद गंभीर हालत में आने वाले मरीजों को रेफर किया जाता रहा। आक्सीजन की आपूर्ति न होने पर इमरजेंसी वार्ड में आक्सीजन समाप्त होने की सूचना चस्पा करवा दी गई। शुक्रवार को अस्पताल आने वाले सभी मरीज तत्काल बाहर भेजे गए। जिन 108 एंबुलेंस से उन्हें भेजा गया, उनमें भी काफी समय से आक्सीजन की उपलब्धता नहीं रही।

------

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के इंतजाम में जुटा अस्पताल प्रशासन

सीएमएस ने कुछ समय पहले ही प्राकृतिक रूप से बनाई जाने वाली आक्सीजन को लेकर एक आक्सीजन कंसंट्रेटर अस्पताल में मंगवा लिया था। इसके साथ दो आक्सीजन कंसंट्रेटर और मंगवाने का आर्डर दिया था, जो उपलब्ध नहीं हुए हैं। इससे एक से ही काम चलाया जा रहा है।

-----

तीन मरीजों की मौत, स्वजन बोले-आक्सीजन नहीं मिली

शुक्रवार को गंभीर हालत में आए तीन मरीजों की मौत हो गई। स्वजन ने आक्सीजन की कमी से मौत होने का आरोप लगाया। वहीं, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की स्थिति बेहद गंभीर थी। उन्हें तत्काल रेफर कर दिया गया था। आक्सीजन की कमी से जुड़ा कोई मामला नहीं था।

-----------

चार सिलिंडर भरकर आ गए हैं। इमरजेंसी के लिए एक आक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था है। अभी तक अस्पताल में आक्सीजन की कमी से किसी की मौत नहीं हुई है। गंभीर स्थिति वाले मरीज बाहर भेजे जा रहे हैं। आक्सीजन की व्यवस्था को सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।

- डा. राजेश तिवारी, सीएमएस, सौ शैया अस्पताल।

chat bot
आपका साथी