ससुर की मौत, ड्यूटी कटवाने को रोया दिव्यांग

जागरण संवाददाता कन्नौज पंचायत चुनाव की ड्यूटी में इस बार सख्ती के आगे बहानेबाजी व आनाकान

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 11:00 PM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 11:00 PM (IST)
ससुर की मौत, ड्यूटी कटवाने को रोया दिव्यांग
ससुर की मौत, ड्यूटी कटवाने को रोया दिव्यांग

जागरण संवाददाता, कन्नौज : पंचायत चुनाव की ड्यूटी में इस बार सख्ती के आगे बहानेबाजी व आनाकानी नहीं चली। इसका खामियाजा उन लोगों को भुगतना पड़ा, जिन्हें वास्तव में अवकाश की आवश्यकता थी। यहां तक की कोरोना पॉजिटिव व दिव्यांगों तक की ड्यूटी लगा दी गई, जो बाद में ड्यूटी काटी गई।

रविवार को नवीन मंडी परिसर में लोक निर्माण विभाग में तैनात चतुर्थश्रेणी कर्मी सुघर सिंह मतदान तृतीय अधिकारी की ड्यूटी करने पहुंचे, जो पैर से दिव्यांग हैं और चलने में असमर्थ हैं। नसरापुर में ड्यूटी रही। पार्टी रवानगी से पहले सुघर के ससुर की हार्टअटैक से कानपुर में मौत की जानकारी मिली। सुघर ने बताया ससुर उनके साथ रहते हैं। इसलिए जाना जरूरी है। अफसरों से ड्यूटी कटवाने के लिए रो-रोकर गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन किसी ने सुनी। निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार के हस्तक्षेप पर ड्यूटी काटी गई। वहीं, गुगरापुर ब्लाक की पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी पॉजिटिव रहा, जो ड्यूटी कटवाने के लिए अपनी रिपोर्ट दिखाता रहा। इसके बाद भी उन्हें कार्मिकों के बीच बिना कोविड नियमों का पालन किए घंटों बैठाए रखा गया। हालांकि अंत में ड्यूटी काटी गई। एक महिला कार्मिक के पति कोरोना पॉजिटिव रहे। उन्होंने भी हवाला दिया, लेकिन ड्यूटी नहीं कटी। इसी तरह किसी के पति तो पत्नी या घर के अन्य सदस्य संक्रमित रहे। कई खासी, जुकाम व बुखार से पीड़ित रहे। कुछ महिलाएं भी बच्चों को गोद में लिए ड्यूटी कटवाने की गुहार लगाती रहीं। खंड शिक्षाधिकारी शिव सिंह ने बताया कि ऐसे कार्मिकों की बाद में ड्यूटी काटकर रिजर्व कार्मिकों को लगाया गया है।

निवार्चन नामावली की नहीं थी जानकारी

नवीन मंडी में एक ब्लाक के पीठासीन अधिकारियों को कौन सी निर्वाचन नामावली देनी है इसकी सूचना नहीं थी। न ही उपलब्ध कराई गई थी। संबंधित आरओ ने निर्वाचन कार्यालय पर बात की तो वहां से जानकारी दी। साथ ही निर्वाचन नामावली ले जाने की बात कही। इधर, निर्वाचन कार्यालय से खुद भेजने को लेकर आपस में खींचतान रही। हालांकि बाद में नामावली उपलब्ध कराई गई।

chat bot
आपका साथी