रात तीन बजे तक जमा हुई मतपेटियां

जागरण संवाददाता कन्नौज मतपेटियां स्ट्रांग रूम में जमा करने की प्रक्रिया पूरी रात चली। नंबर

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 11:38 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 11:55 PM (IST)
रात तीन बजे तक जमा हुई मतपेटियां
रात तीन बजे तक जमा हुई मतपेटियां

जागरण संवाददाता, कन्नौज : मतपेटियां स्ट्रांग रूम में जमा करने की प्रक्रिया पूरी रात चली। नंबर न आने के कारण कई पीठासीन अधिकारी मतपेटियां लिए इधर-उधर सो गए। इस कारण मतपेटियां जमा करने में काफी देरी हुई। सुबह चार बजे स्ट्रांग रूम सील किए जा सके।

जिले में 19 अप्रैल को 1842 बूथों पर मतदान हुआ, जो कई बूथों पर रात दस बजे तक चला। इस कारण मतपेटियां जमा करने की प्रक्रिया सभी जगह देर से शुरू हुई। नवीन मंडी कन्नौज में सदर व गुगरापुर ब्लाक की पेटियां रात आठ बजे से जमा होना शुरू हुईं जो तीन बजे तक जमा हुईं। देर तक मतदान होना व बाद में पेटियां सील करने में भी समय लगा। दूरदराज से आने में समय भी लगा। घंटों कतार के कारण नंबर नहीं आया तो कई पीठासीन अधिकारी मतपेटी लिए जहां जगह मिली वहां सो गए, जिन्हें ढूंढ़ा गया। सुबह चार बजे निर्वाचन व अन्य उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम सील किए गए। देर रात तक चली प्रक्रिया में कार्मिकों को परेशानी उठानी पड़ी। वाहन नहीं मिले। खुद का साधन न होने के कारण घर नहीं जा पाए। इस कारण मंडी परिसर, रेलवे व बस स्टेशन समेत जहां जगह मिली वहां सो गए तो कई रातभर भटकते रहे। महिलाएं भी परेशान हुईं।

मंडी का गेट बंद, सुरक्षा बल के हवाले परिसर

जागरण संवाददाता, कन्नौज : नवीन मंडी परिसर में कन्नौज ब्लाक के छह कक्ष व गुगरापुर के दो कक्षों में स्ट्रांग रूम बनाकर मतपेटियां रखी गई हैं। जहां सुरक्षा का कड़ा पहरा है। दोनों जगह पुलिस के हवाले कर दी हैं। परिसर के पीछे व पुलिस चौकी के पास का हिस्सा पूरी तरह से सील कर दिया गया है। साथ ही दूसरा मुख्य गेट भी बंद कर दिया है। यहां किसी को भी आने जाने की अनुमति नहीं है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। चौकी प्रभारी तरुण सिंह मंगलवार को स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। बताया कि 12-12 घंटे की शिफ्ट में कर्मी सुरक्षा कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों भी लगे हैं। इससे हर गतिविधियां कैद हो रहीं हैं। किसी को यहां तक आने की अनुमति नहीं है। गड़बड़ी की तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम सदर गौरव शुक्ला ने जायजा लिया। पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

chat bot
आपका साथी