अखिलेश यादव बोले- यूपी विधानसभा चुनाव में सपा जीतेगी 350 से ज्यादा सीटें, ईवीएम के खिलाफ चलाएंगे अभियान

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी इतने बड़े अंतर से हारेगी जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 350 से ज्यादा सीटें हासिल करेगी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 06:30 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 07:15 AM (IST)
अखिलेश यादव बोले- यूपी विधानसभा चुनाव में सपा जीतेगी 350 से ज्यादा सीटें, ईवीएम के खिलाफ चलाएंगे अभियान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार होगी।

झांसी, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी इतने बड़े अंतर से हारेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में उनकी पार्टी 350 से ज्यादा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद समाजवादी पार्टी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की व्यवस्था को खत्म करने के लिए अभियान चलाएगी।

गुरुवार को झांसी पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने संवाददाता सम्मेलन में ईवीएम पर पूछे गए एक सवाल पर कहा कि 'ईवीएम के बारे में मैं आज भी कह रहा हूं कि उस पर किसी को भरोसा नहीं है। हाल में अमेरिका का चुनाव मतपत्रों से हुआ। उसमें भी कई दिनों तक मतगणना हुई। मत पत्रों से मतदान कराने पर लोगों का भरोसा बहाल होगा। हालांकि यह लड़ाई अभी लड़ी नहीं जा सकती। उन्होंने कहा कि हम प्रशिक्षण शिविर चला रहे हैं। समाजवादी पार्टी से जुड़े सारे लोग अपना वोट डाल देंगे तो बीजेपी अपने आप हार जाएगी। सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी ईवीएम की व्यवस्था खत्म करने के लिए अभियान चलाएगी।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बिहार विधानसभा चुनाव जैसी स्थिति नहीं होगी। वहां तो महागठबंधन की सरकार बन रही थी, लेकिन बीजेपी ने सत्ता छीन ली। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी इतने बड़े अंतर से हारेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। सपा 350 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यसभा में बहुमत नहीं होने के बावजूद तीन कृषि कानून जबरन पारित करा लिये। बहुमत का अनादर कर कानून पारित कराने का काम उत्तर प्रदेश की सरकार भी कर रही है। कानूनों को पारित कराने से पहले बहस होनी चाहिए। बीजेपी लोकतंत्र को बिल्कुल खत्म करना चाहती है।

सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा सपा की 'टोपी' पर निशाना साधे जाने के बारे में पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की टोपी का जो लाल रंग है वह हमारी क्रांति का, हमारे खून का रंग है और सबसे बड़ी बात यह कि यह हमारी भावनाओं का रंग है। लेकिन, हमारे मुख्यमंत्री के अंदर भावना ही नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बोल रहे हैं कि ढाई साल के बच्चे ने यह देख लिया कि कौन क्या है। हम भी कह रहे हैं कि एक तरफ लाल टोपी वाले की फोटो रख दें और एक तरफ खुद मुख्यमंत्री की फोटो रख दें। ढाई साल का बच्चा बता देगा कि कौन क्या है। बता दें कि सीएम योगी ने हाल में विधानसभा में टोपी पर तंज करते हुए कहा था कि अब तो ढाई साल का बच्चा भी जानता है कि टोपी वाला गुंडा होता है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हाथरस में बेटी से छेड़छाड़ का मुकदमा वापस नहीं लेने पर आरोपी द्वारा पीड़िता के पिता की गोली मारकर हत्या किये जाने की घटना पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सदन में जिस तरह की भाषा इस्तेमाल की है उससे लगता है कि यह सरकार बौखला गई है। बीजेपी की सरकार जाने वाली है, इसीलिये सरकार की भाषा बदल गई है।

chat bot
आपका साथी