खेत में पानी दे रहे किसान की करण्ट से मौत

झाँसी : रक्सा के ढिकौली निवासी रामप्रसाद (40) पुत्र हीरालाल खेती करता था। उसके 2 बेटे 21 वर्षीय मनीष

By JagranEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 07:40 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 07:40 PM (IST)
खेत में पानी दे रहे किसान की करण्ट से मौत
खेत में पानी दे रहे किसान की करण्ट से मौत

झाँसी : रक्सा के ढिकौली निवासी रामप्रसाद (40) पुत्र हीरालाल खेती करता था। उसके 2 बेटे 21 वर्षीय मनीष व 17 वर्षीय सनी हैं। बीती शाम रामप्रसाद खेत में पानी दे रहा था, तभी वहाँ से निकले बिजली के तार से उसे करण्ट लग गया। गम्भीर हालत में उसे मेडिकल कॉलिज लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी-समारोह में आये युवक का शव नहर में मिला

झाँसी : 2 दिन पहले शादी समारोह में शामिल होने आये युवक का शव शनिवार की सुबह नहर में मिला। बताते हैं कि विदा वाले दिन वह शौचक्रिया को गया था, पैर फिसलने के कारण नहर में गिर गया। तब से उसकी तलाश की जा रही थी।

निवाड़ी (मप्र) चकरपुर, पीपली टूका निवासी निवासी समर पुत्र बृजेन्द्र (18) 2 दिन पहले प्रेमनगर के ग्राम नये गाँव निवासी फूफा कृपाशंकर के यहाँ शादी समारोह में शामिल होने आया था। विदा वाले दिन सुबह के समय शौचक्रिया के लिए निकला। पैर फिसलने के कारण वह नहर में गिर गया। परिजन एवं रिश्तेदार तभी से उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार की सुबह उसका शव नहर के पानी में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

शटरिग के सामान में लगी आग

झाँसी : कोतवाली के सागर गेट बाहर निवासी बृजेश साहू शटरिग का कार्य करता है। मकान के समीप ही उनकी बल्ली, पटिया रखे हुये थे। बीती रात किसी व्यक्ति ने बल्ली-पटिया में आग लगा दी। पड़ोसियों एवं सूचना पर पहुँची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।

सुकुवाँ-ढुकुवाँ में 2 करोड़ की लागत से होगा इको पर्यटन का कार्य

0 प्रदेश सरकार ने दी स्वीकृति, केन्द्र से हरी झण्डी मिलते ही कार्य शुरू हो जायेगा

झाँसी : सुकुवाँ-ढुकुवाँ में 2 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इको पर्यटन के कार्य को उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वीकृति दे दी है। केन्द्र सरकार की अनुमति मिलते ही कार्य शुरू हो जायेगा।

वन विभाग ने सुकुवाँ-ढुकुवाँ बाँध के समीप इको पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुन्दरीकरण का कार्य कराने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा था। इसके तहत बाँध के चारों ओर विभिन्न प्रजाति के पेड़-पौधे लगाये जायेंगे, बाँध के आगे के भाग को झरने का रूप दिया जायेगा। पार्क का निर्माण कराकर फव्वारे व लाइट लगायी जायेगी। पर्यटकों को बैठने के लिए बेंच लगायी जायेगी। लोगों के ठहरने के लिए कमरे और खाने-पीने के लिए होटल की व्यवस्था की जायेगी। मुख्य मार्ग से लेकर बाँध के आसपास फुटपाथ बनाये जायेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने वन विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इसके बाद फाइल को केन्द्र सरकार को अनुमित के लिए भेज दिया गया है। मुख्य वन सरंक्षक पीपी सिंह के अनुसार इस माह के अन्त तक केन्द्र सरकार से अनुमति मिल जायेगी, जनवरी से इको पर्यटन से सम्बन्धित विभिन्न कार्य आरम्भ हो जायेंगे।

फाइल : दिनेश परिहार

समय : 7 बजे

4 दिसम्बर 2021

chat bot
आपका साथी