मारपीट के दौरान युवक की संदिग्ध हाल में मौत

जौनपुर केराकत कोतवाली क्षेत्र के नाऊपुर गांव के असौंवा पुरवा म

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 06:33 PM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 06:33 PM (IST)
मारपीट के दौरान युवक की संदिग्ध हाल में मौत
मारपीट के दौरान युवक की संदिग्ध हाल में मौत

जागरण संवाददाता, थानागद्दी (जौनपुर): केराकत कोतवाली क्षेत्र के नाऊपुर गांव के असौंवा पुरवा में गुरुवार की सुबह दो पक्षों के बीच मारपीट में ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गोली से घायल एक अज्ञात युवक को उसके साथी उपचार के लिए लेकर भाग गए। पुलिस तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

गांव के बचानू यादव व ओम प्रकाश यादव के बीच काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। ओम प्रकाश के चाचा धनई प्रधान पद के चुनाव में पराजित हो गए थे। मतगणना के दिन भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि ओम प्रकाश ने लगभग 20 की संख्या में बाहरी लोगों को बुलाकर बचानू के घर पर धावा बोल दिया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-ठंडे चले। इस दौरान ओम प्रकाश पक्ष के एक दिन पहले ससुराल आए 27 वर्षीय लालचंद यादव निवासी ग्राम मोलनापुर, छबीलेपुर थाना सरायख्वाजा को भागते समय खूंटे पर गिर जाने से सिर में गहरी चोट आई। मारपीट के दौरान ही गोली लगने से एक अज्ञात युवक घायल हो गया। उसे उसके साथी उपचार के लिए लेकर भाग गए। लालचंद ने उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना की खबर लगते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनय प्रकाश सिंह, थानागद्दी पुलिस चौकी प्रभारी संतोष कुमार राय मयफोर्स मौके पर आ गए।

करीब दो घंटे बाद एएसपी (सिटी) डाक्टर संजय कुमार ने आकर घटना के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही मौका मुआयना किया। पुलिस ने गांव के साहब लाल, अशोक यादव व प्रद्युम्न यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बाहर से आए लोगों व घायल युवक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। चौकी प्रभारी संतोष कुमार राय ने कहा कि आरंभिक छानबीन में मामला आशनाई का सामने आ रहा है। तथ्यों की गहराई से छानबीन की जा रही है। इंस्पेक्टर केराकत विनय सिंह ने बताया कि गोली चलने की किसी ने झूठी सूचना दी थी। पुलिस लालचंद यादव की मौत की कारण को भी संदिग्ध मान रही है।

chat bot
आपका साथी