बरसात से राहत, दस डिग्री गिरा तापमान

जागरण संवाददाता, जौनपुर: मंगलवार देर शाम से शुरू हुई झमाझम बरसात से मौसम सुहावना हो गय

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Jun 2018 06:55 PM (IST) Updated:Wed, 27 Jun 2018 11:24 PM (IST)
बरसात से राहत, दस डिग्री गिरा तापमान
बरसात से राहत, दस डिग्री गिरा तापमान

जागरण संवाददाता, जौनपुर: मंगलवार देर शाम से शुरू हुई झमाझम बरसात से मौसम सुहावना हो गया है। रुकरुक कर हो रही बारिश से तापमान में भी दस डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। कुछ दिनों तक अधिकतम 42 डिग्री रहा तापमान बुधवार को 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राहत भरी फुहार से जहां उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के भी चेहरे खिल गए हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर महज बूंदा बांदी से तमाम लोग मायूस दिखे। देर रात बरसात के दौरान जलालपुर के रेहटी गांव के पास आकाशीय बिजली गरजने से घबराए दो लोग घायल हो गए। गौराबादशाहपुर निवासी अर¨वद यादव अपने साथी के साथ संतोष के साथ जा रहे क्षेत्र त्रिलोचन महादेव के पास पहुंचने पर बिजली की तेज आवाज सुन घबराकर ब्रेक मारने की वजह से त्रिलोचन महादेव के पास गिरकर घायल हो गए। गौराबादशाहपुर व बरसठी में बादल तो छाए, लेकिन बरसात नहीं हुई। केराकत व मुफ्तीगंज क्षेत्र में नाम मात्र की बारिश होने से लोग निराश हुए। कुछ दिनों पहले तक सूरज की बढ़ती तपिश से लोगों का जीना मुहाल हो गया था। तल्ख धूप के बीच लोग घरों से निकलने में कतराने लगे थे। ऐसे में मनचाही बरसात से गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। गर्मी से राहत के बाद सूने पड़े बाजारों में रौनक फिर से बढ़ने लगी है। साथ ही सड़कों पर पसरने वाला सन्नाटा भी छटने लगा है। बरसात से तमाम स्थानों पर पानी भरने से वाहन चालकों को दिक्कत हुई। मंगलवार को हुई बरसात के दौरान मछलीशहर में रोडवेज व तहसील परिसर में पानी भरने से लोगों को दिक्कत हुई। जानकारों ने आगे भी बरसात जारी रहने की बात कही है।

नर्सरी डालने में जुटे किसान

मौसम अनुकूल होते ही तमाम स्थानों पर किसानों ने धान की नर्सरी डाली। मछलीशहर के जमालपुर गांव में अधिकतर किसानों ने मौसम का आगाज देख पं¨पग सेट के सहारे ही खेतों में धान की नर्सरी रोपी। इसके पहले ट्यूबवेल खराब होने से किसानों को नर्सरी डालने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

राहत के साथ आफत भी

बरसात राहत के साथ आफत भी लेकर आई। नगर समेत ग्रामीण इलाकों में जल भराव से आम लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। सिरकोनी विकास खंड क्षेत्र के सादात मसौड़ा कजगांव बाजार में क्षतिग्रस्त नालियों की वजह से पानी भर गया। जल निकासी का उचित इंतजाम नहीं होने की वजह से चौराहा झील में तब्दील हो गया है। स्थिति इतनी खराब हो गई कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। केराकत विकास खंड के नाऊपुर गांव के राजभर बस्ती में बरसात का पानी भर गया। चारों तरफ पानी भरा होने की वजह से बस्ती के लोगों को कहीं आने-जाने में भारी फजीहत हुई। कई बार शिकायतों के बाद भी जल निकासी की व्यवस्था नहीं करने से स्थानीय लोगों ने प्रधान के प्रति गुस्सा जाहिर किया। मछलीशहर नगरपंचायत के चौहट्टा वार्ड मे बनवाए जा रहे नाले की दीवार पहली ही बारिस में ढ़ह गई। नवनिर्मित दीवार के हल्की बारिश में ध्वस्त होने की घटना पर नागरिकों ने निर्माण को लेकर ठेकेदार पर धांधली का आरोप लगाया। नगर पंचायत क्षेत्र स्थित सभी नालों को पक्का कराया जा रहा है। इसी क्रम में चौहट्टा वार्ड में भी पक्का नाला बन रहा है। नाले की फर्श पक्की करने के बाद दोनों तरफ की दीवार भी पक्की बनाई गई है। दीवार के बगल मिट्टी डालकर काम पूरा कर दिया गया है। नागरिकों ने इसकी जानकारी सभासद आशा मौर्य व नगर पंचायत कार्यालय को दी।

chat bot
आपका साथी