शरारती तत्वों ने काटी नहर, 50 बीघा फसल बर्बाद

जौनपुर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव के पास शारदा सहायक

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Apr 2021 08:06 PM (IST) Updated:Fri, 30 Apr 2021 08:06 PM (IST)
शरारती तत्वों ने काटी नहर, 50 बीघा फसल बर्बाद
शरारती तत्वों ने काटी नहर, 50 बीघा फसल बर्बाद

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर): सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव के पास शारदा सहायक खंड-36 नहर को शरारती तत्वों ने काट दिया। इसके चलते अतरौरा व पोटरिया गांव के किसानों की लगभग 50 बीघा ककड़ी व सब्जी की फसल के साथ भूसा बर्बाद हो गया।

पानी का बहाव तेज होने से करीब 25 फीट नहर की कट गई। नहर से निकला पानी तेजी से अतरौरा व पोटरिया गांवों में खेतों में भरने लगा। लगभग 50 किसानों के गेहूं की मड़ाई के बाद खेतों में रखा भूंसा बह गया। 50 बीघा ककड़ी, खरबूज, प्याज, भिडी, नेनुआ, सूरजमुखी आदि पानी में बह गई। नहर काटने की जानकारी मिलने पर विभागीय कर्मी मौके पर आए, लेकिन नहर बांधने का कोई ठोस प्रबंध नहीं हो सका था। इसके चलते शाम होते-होते कुछ तालाबों में भी पानी भर गया। जिससे मछली पालकों का भी काफी नुकसान हो गया। नहर विभाग कर्मियों का कहना है कि लोमड़ी के गड्ढा खोदने की वजह से नहर कटी। वहीं ग्रामीण किसी शरारती तत्व के नहर काटने की बात कह रहे हैं।

chat bot
आपका साथी