ट्रैक्टर पलटने से किसान दंपती की मौत

महरूपुर गांव में सोमवार की शाम ट्रैक्टर पलटने से किसान दंपती की मौत हो गई। इससे स्वजन में कोहराम मच गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 11:58 PM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 11:58 PM (IST)
ट्रैक्टर पलटने से किसान दंपती की मौत
ट्रैक्टर पलटने से किसान दंपती की मौत

जागरण संवाददाता, जफराबाद (जौनपुर) : महरूपुर गांव में सोमवार की शाम ट्रैक्टर पलटने से किसान दंपती की मौत हो गई। इससे स्वजन में कोहराम मच गया।

गांव निवासी 35 वर्षीय महेश चौहान व उनकी 33 वर्षीय पत्नी सरिता चौहान निजी ट्रैक्टर लेकर दोपहर में घर से थोड़ी दूरी पर स्थित अपने खेत में कृषि कार्य करने गए थे। कार्य करने के बाद दंपती घर आ रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार गांव के पीछे बन रहे वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। आस-पास आबादी नहीं है। आवागमन न के बराबर होने की वजह से करीब आधे घंटे बाद किसी की नजर पलटे ट्रैक्टर पर पड़ी। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण जुट गए।

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैक्टर के नीचे दबे दंपती के शरीर पर इंजन का गर्म मोबिल आयल भी गिर गया था। सरिता की मौत हो चुकी थी, जबकि मरणासन्न महेश की सांसें चल रहीं थीं। गांव वाले आनन-फानन महेश को निजी चिकित्सालय ले गए। डाक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस सरिता का शव जिला अस्पताल लेकर चली गई। बाद में पुलिस ने महेश का भी शव जिला अस्पताल पहुंचाया। दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। महेश की संतानों में तीन पुत्री और एक पुत्र है। महेश के पिता पन्नालाल की पहले ही मौत हो चुकी है। मां विद्या देवी की भी जिम्मेदारी महेश के ऊपर थी। पुत्री खुशबू चौहान 18 वर्ष, माया चौहान 14 वर्ष, खुशी चौहान नौ वर्ष, रोहित चौहान छह वर्ष के सिर से पिता और माता का एक साथ साया छिन गया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

chat bot
आपका साथी