मार्निंग वाक को निकले ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

जागरण संवाददाता जौनपुर बक्शा थाना क्षेत्र के मई बाजार के समीप शुक्रवार की भोर में भाई

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 04:37 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 04:37 PM (IST)
मार्निंग वाक को निकले ठेकेदार की गोली मारकर हत्या
मार्निंग वाक को निकले ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

जागरण संवाददाता, जौनपुर:

बक्शा थाना क्षेत्र के मई बाजार के समीप शुक्रवार की भोर में भाई के साथ टहलने निकले व्यक्ति की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या का कारण पूरी तरह साफ नहीं हो सका है। छानबीन में जुटी पुलिस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का 36 घंटे से अधिक समय बाद भी कोई सुराग नहीं पा सकी है।

बरपुर गांव निवासी 58 वर्षीय अखिलेश यादव ठेकेदार होने के साथ ही सूद पर कर्ज देने का काम करते थे। भोर में पांच बजे रोजाना की तरह वह अपने बड़े भाई योगेश यादव के साथ मार्निंग वाक को निकले थे। घर से करीब पांच सौ मीटर दूर मई बाजार चौराहा से लौट रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके पास आकर रुके। बाइक चालक ने हेलमेट पहने हुए था जबकि दूसरा गमछे से मुंह ढंके था। गमछे से मुंह ढंके बदमाश ने अखिलेश यादव को नमस्ते करने के साथ नाम पूछा। अखिलेश के नाम बताते उसने उनके सीने में गोली मार दी। उनके लहूलुहान होकर जमीन पर गिरते ही हमलावर नौपेड़वा की तरफ भाग गए। गांव में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंचे स्वजन शव लेकर घर चले गए। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में एएसपी (ग्रामीण) त्रिभुवन सिंह, सीओ सदर रण विजय सिंह महराजगंज, बदलापुर, सिकरारा, सरायख्वाजा सहित आधा दर्जन थानों की फोर्स के साथ आ गए। मल्हनी विधायक लकी यादव, जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव आदि स्वजन को ढांढ़स बंधाने पहुंच गए। मृत अखिलेश यादव के सबसे छोटे भाई बृजेश यादव एडवोकेट की तहरीर पर थाना पुलिस दो अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी है। स्वजन भी हत्या के कारणों के बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं बता पा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी