मतांतरण का आरोप लगाकर पीटा, किया पुलिस के हवाले

लेधुआ गांव में मंगलवार को ईसाई धर्म का प्रचार करने व

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Sep 2021 07:02 PM (IST) Updated:Tue, 07 Sep 2021 07:02 PM (IST)
मतांतरण का आरोप लगाकर पीटा, किया पुलिस के हवाले
मतांतरण का आरोप लगाकर पीटा, किया पुलिस के हवाले

जागरण संवाददाता, सिकरारा (जौनपुर): लेधुआ गांव में मंगलवार को ईसाई धर्म का प्रचार करने व मतांतरण का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। आरोपित के पास से पुलिस को ईसाई मिशनरी से जुड़ीं पुस्तकें व अन्य सामग्री मिली है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

गांव में एक घर में ईसाई मिशनरी से जुड़ा व्यक्ति प्रार्थना सभा कर लोगों को मतांतरण के लिए प्रेरित कर रहा था। प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष जुटे थे। इसकी भनक लगते ही भाजपा व अन्य हिदूवादी संगठनों के आक्रोशित कार्यकर्ता पहुंचकर टोका-टाकी करने लगे। इस पर प्रार्थना सभा में जुटे लोगों से उनकी झड़प हो गई। उनमें से एक कथित ईसाई धर्म प्रचारक को कार्यकर्ता ने पिटाई कर प्रचार सामग्री सहित पकड़कर थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम जियालाल निषाद निवासी कटेसर, रामदयालगंज बताया। पूछताछ में उसने बताया कि वह चौथी कक्षा तक पढ़ा है। उसने मतांतरण के लिए प्रेरित करने से इन्कार किया, लेकिन यह स्वीकार किया कि वह लोगों को प्रभु यीशू की प्रार्थना करने के लिए कहता है। पता चलने पर सिकरारा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सुनील सिंह दादा, पूर्व मंडल अध्यक्ष विपुल सिंह, पंकज सिंह, विनोद सिंह, अनिल मिश्र, रोहित सिंह, कान्हा मिश्र आदि थाने पहुंच गए। उन्होंने प्रार्थना सभा की आड़ में मतांतरण कराए जाने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष सैय्यद हुसैन मुंतजर का कहना है कि मामले की गंभीरता के साथ छानबीन की जा रही है।

chat bot
आपका साथी