मारपीट कर रहे बरातियों को समझाने गई पुलिस टीम पर हमला, सात जवान घायल

जागरण संवाददाता केराकत (जौनपुर) नरहन मोहल्ले में बुधवार की रात मारपीट कर रहे बर

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 06:22 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 06:22 PM (IST)
मारपीट कर रहे बरातियों को समझाने गई पुलिस टीम पर हमला, सात जवान घायल
मारपीट कर रहे बरातियों को समझाने गई पुलिस टीम पर हमला, सात जवान घायल

जागरण संवाददाता, केराकत (जौनपुर): नरहन मोहल्ले में बुधवार की रात मारपीट कर रहे बरातियों को समझाने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इसमें सात पुलिसकर्मी व दो नागरिक घायल हो गए। पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दस आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। करीब 25 अज्ञात आरोपितों को चिह्नित करने में जुटी है।

नगर में दो जगह बरात आई थी। एक वर यात्रा सरायबीरू चौराहे से बिब्बो देवी धर्मशाला जा रही थी तो दूसरी कालीजी मंदिर के पास से आ रही थी। नरहन में दोनों बरात आमन-सामने हो गई। किसी बात को लेकर बरातियों में शुरू हुई कहासुनी हाथापाई में बदल गई। किसी तरह मामला शांत हुआ। इसके बाद बराती वापस तीर्थराज गेस्ट हाउस चले गए। सरायबीरू चौराहे पर पिकेट ड्यूटी पर कांस्टेबल आशीष राव व मनोज यादव मौजूद थे। कुछ बराती प्रशासन की जिम्मेदारी को लेकर सिपाहियों पर भड़क गए। सिपाहियों ने विरोध किया तो बरातियों ने ईंट-पत्थर से हमलाकर दिया। सूचना पर सिपाही योगेश चौधरी व राज धरम पहुंचे तो उन्हें भी पथराव कर चोटिल कर दिया। इसी दौरान नगर के मोहित कमलापुरी व एक अज्ञात व्यक्ति को समझाने की कोशिश की तो बरातियों ने उन्हें भी पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पता चलने पर सिपाही आशुतोष मिश्र, जितेंद्र यादव व पुष्पेंद्र वर्मा पहुंचे तो उन्हें भी ईंट-पत्थर मारकर जख्मी कर दिया। कोतवाल लक्ष्मण पर्वत मय फोर्स पहुंचे और बरातियों को समझाकर वापस भेजा। घायल पुलिस कर्मियों व नागरिकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मोहित कमलापुरी को हालत नाजुक देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। बाद में पुलिस ने वीडियो फुटेज देखा और दबिश देकर दो दर्जन बरातियों को हिरासत में ले लिया। दस नामजद व 20-25 अज्ञात के खिलाफ बलवा, हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी, सरकारी कामकाज में बाधा, क्रिमिनल ला एमेंडमेंड एक्ट आदि संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद छोड़ने की सिफारिश करने वाले कोतवाली में पहुंचने लगे, कितु प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत ने एक नहीं सुनी। आरोपितों आशीष शर्मा, अजय जायसवाल, नीरज गुप्ता, विजय कुमार, चंदन गुप्त, शीतला, प्रसाद, विनोद कुमार, मनोज कुमार, शिवम जायसवाल निवासी देवगांव व अंकित गुप्त निवासी लखनऊ का गुरुवार को पुलिस ने चालान कर दिया।

chat bot
आपका साथी