सभी विपक्षी दल हो जाएं एक, फिर भी हम जीतेंगे 325 से अधिक सीटें: केशव प्रसाद मौर्य

जागरण संवाददाता जौनपुर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर प्रहार करते हुए क

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 10:58 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 10:58 PM (IST)
सभी विपक्षी दल हो जाएं एक, फिर भी हम जीतेंगे 325 से अधिक सीटें: केशव प्रसाद मौर्य
सभी विपक्षी दल हो जाएं एक, फिर भी हम जीतेंगे 325 से अधिक सीटें: केशव प्रसाद मौर्य

जागरण संवाददाता, जौनपुर : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर प्रहार करते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में चाहे सपा, बसपा व कांग्रेस एक हो जाए, फिर भी भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतेंगी। सपा-बसपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बुआ-भतीजे का कहना है कि छोटे दलों को मिलाकर सरकार बनाएंगे। पहले खुद अपने किए गए कार्यों की समीक्षा करें। कोरोना जैसे संकट काल में केवल भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर लोगों की मदद की। सपा, बसपा व कांग्रेस के कार्यकर्ता केवल ट्विटर पर ट्वीट करते रहे।

यह बातें उन्होंने मंगलवार को टीडी डिग्री कालेज के मैदान पर 245 सड़क व पुल-पुलिया के लोकार्पण व शिलान्यास के अवसर पर कही।

डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ने जितना विकास कार्य 52 महीने में कर दिखाया, उतना बुआ-भतीजे की सरकार ने 15 सालों में नहीं किया। इनकी सरकार में बिजली, सड़क, योजनाओं में जमकर बंदरबाट किया गया। राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल का ट्रैक्टर चलाना केवल दिखावा है। वह किसान, मजदूर का दर्द नहीं जानते। कभी वह खेत में जाकर हल या ट्रैक्टर से जोताई करें, खेत के कोनों की गोड़ाई करेंगे तब उन्हें असली दर्द का पता चलेगा। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में ही कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि जब 2017 में भाजपा की सरकार बनी तो पहला लक्ष्य था कि कार्यकर्ताओं का सम्मान हो। यहां जितने भी पुलिस व प्रशासन के अधिकारी हैं इस बात का पूरा ध्यान रखें कि अगर मैं डिप्टी सीएम बना हूं तो कार्यकर्ताओं की बदौलत, ऐसे में इनकी बातों को डिप्टी सीएम की बात ही समझी जाए। वहीं भाजपा काशी प्रांत के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी के बताए रास्ते पर कार्यकर्ता चलने का काम करें। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि आगामी चुनाव में प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि भाजपा ने विकास का कार्य किया। इससे पहले डिप्टी सीएम ने मंच से 253 करोड़ रुपये के 245 कार्यों व परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।

जगदीशपुर समेत तीन रेलवे ओवरब्रिज की दे गए सौगात डिप्टी सीएम

जागरण संवाददाता, जौनपुर : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को टीडी कालेज के कार्यक्रम में जनता को जाम की समस्या निजात दिलाने की घोषणा कर गए। कहा कि पूर्व सांसद डाक्टर केपी सिंह व डीएम की तरफ से जिले में तीन ओवरब्रिज की डिमांड की गई थी, जिससे जनपदवासियों को जाम की समस्या से निजात मिल सके। ऐसे में वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगदीशपुर रेलवे क्रासिग पर ओवरब्रिज बनाने की स्वीकृति प्रदान करता हूं। इसके साथ मछलीशहर व मुंगराबादशापहुर समेत जिले भर में कुल तीन ओवरब्रिज की स्वीकृति देता है। उन्होंने बताया कि जब वह विहिप के संगठन मंत्री थे तो बाइक से आते समय मुंगराबादशाहपुर रेलवे क्रासिग पर अक्सर जाम में फंस जाते थे, इस समस्या का निस्तारण भी कर दिया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश में जिस तरह से गंगा में सफाई का अभियान चल रहा है। ठीक उसी तरह से प्रदेश व देश में सपा, बसपा व कांग्रेस की भी सफाई हो रही है। विधानसभावार सड़कों का लोकार्पण व शिलान्यास

सदर में दो सड़कों का लोकार्पण 166.13 लाख से, 35 सड़कों का शिलान्यास 3029.45 लाख से, बदलापुर में दो सड़कों का लोकार्पण 93.73 लाख से, 25 सड़कों का शिलान्यास 1108.46 लाख से, मड़ियाहूं में 12 सड़कों का लोकार्पण 568.76 लाख से, 23 सड़कों का शिलान्यास 6405.4 लाख से, जफराबाद में नौ सड़कों का लोकार्पण 3325.40 लाख से, 19 सड़कों का शिलान्यास 4656.47 लाख से, केराकत में 25 सड़कों का लोकार्पण 1678.71 लाख से, 17 सड़कों का शिलान्यास 731.17 लाख से, शाहगंज में नौ सड़कों का शिलान्यास 394.94 लाख से, मछलीशहर में आठ सड़कों का लोकार्पण 320.66 लाख से, 15 सड़कों का शिलान्यास 596.76 लाख लागत, मल्हनी में सात सड़कों का लोकार्पण 342.02 लाख से, 11 सड़कों का शिलान्यास 557.44 लाख से, मुंगराबादशाहपुर में तीन सड़कों का लोकार्पण 115.41 लाख से, 23 सड़कों का शिलान्यास 1225.43 लाख से किया गया। कुल 68 लोकार्पण व 117 शिलान्यास किया गया। आगमन से पहले डाक बंगले में की बैठक

डिप्टी सीएम कार्यक्रम में आने से पहले डाक बंगले में डीएम, एसपी व विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। साथ ही जिले में हो रहे विकास कार्यों के बारे में जाना।

लोकार्पण व शिलान्यास में चुनावी फिजां बना गए डिप्टी सीएम

जागरण संवाददाता, जौनपुर : विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन मंगलवार को टीडी कालेज मैदान में अपने लगभग 30 मिनट के संबोधन से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चुनावी फिजां बनाकर चले गए। वह पूरे 30 मिनट तक सरकार का बखान व 2022 में पार्टी के विजय व कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते नहीं थके। इस दौरान क्या सपा, बसपा व कांग्रेस, सभी उनके निशाने पर थे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि आप विकास कार्य के लिए मांगते-मांगते थक जाएंगे, हम देते-देते नहीं थकेंगे। उन्होंने राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के सदर विधानसभा क्षेत्र में सिद्दीकपुर से जमुहाई मार्ग, शीतला चौकियां से आरा मार्ग, मुंगई सोंगर से अब्बोपुर जैगहा मार्ग तक सुंदरीकरण व चौड़ीकरण कार्य की स्वीकृत दी। बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र के क्षेत्र में चार पुल दिया। जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में 42 करोड़ व 19 करोड़ की दो सड़कों की स्वीकृत दी। मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र में पांच सड़कों, वरुणा, बसुही नदी पर सेतु बनाने की घोषणा की।

chat bot
आपका साथी