अब 67 गांवों में लगेगी कृषि कल्याण कार्यशाला

जागरण संवाददाता, जौनपुर: किसानों की आय दो गुनी करने के लिए सरकार और पहल करने जा र

By JagranEdited By: Publish:Mon, 23 Apr 2018 10:45 PM (IST) Updated:Mon, 23 Apr 2018 10:45 PM (IST)
अब 67 गांवों में लगेगी कृषि कल्याण कार्यशाला
अब 67 गांवों में लगेगी कृषि कल्याण कार्यशाला

जागरण संवाददाता, जौनपुर: किसानों की आय दो गुनी करने के लिए सरकार और पहल करने जा रही है। जनपद के 67 गांवों में कृषि कल्याण कार्यशाला आयोजित कर जहां कम लागत में अधिक उत्पादन पाने के लिए खेती की आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जाएगी वहीं प्रोत्साहन हेतु हर ब्लाक के सात-सात प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा।

अभियान के तहत जनपद, तहसील व ब्लाक स्तर के बाद अब किसानों के गांवों में ही उनकी कृषि प्रणाली के आधार पर उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए उनकी आवश्यकताओं वाली लाभकारी तकनीकियों से प्रशिक्षित करने के लिए ग्राम स्वराज अभियान के तहत कृषि कल्याण कार्यशाला आयोजित किया जाएगा। कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को उनके गांव में ही कम लागत में अधिक उत्पादन का गुर सिखाया जाएगा।

डिप्टी पीडी (आत्मा) रमेश चंद्र यादव ने बताया कि जिले के 46 गांवों को भारत सरकार द्वारा चयनित एवं ब्लाक वार सर्वाधिक अनुसूचित जाति वाले एक -एक गांवों का चयन किया गया है। इस प्रकार जिले के कुल 67 गांवों में दो मई को कार्यशाला आयोजित होगी। आयोजन की पूरी तैयारी कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी व कम लागत में अधिक उत्पादन वाली तकनीक की जानकारी देने के लिए आत्मा योजनान्तर्गत कार्यरत बीटीएम व एटीएम के साथ तकनीकी सहायकों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला स्तरीय अधिकारियों को पर्यवेक्षणीय और अनुश्रवण हेतु नोडल नामित किया गया है। कार्यशाला में ब्लाकवार सात-सात प्रगतिशील कृषकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उनकी सफलता की कहानी से और किसानों को उन्नति खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्हें कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ब्लाकवार प्रभारी नोडल अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी कृषि को दी गई है। वह कार्यक्रम का वैनर, साहित्य आदि की तैयारियों के साथ किसानों के बीच प्रचार- प्रसार के लिए जुट गए हैं।

chat bot
आपका साथी