मतदाता सूची तैयार करने को बनाए गए एडिशनल एईआरओ

जागरण संवाददाता जौनपुर आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से तैयारी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 04:45 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 04:45 PM (IST)
मतदाता सूची तैयार करने को बनाए गए एडिशनल एईआरओ
मतदाता सूची तैयार करने को बनाए गए एडिशनल एईआरओ

जागरण संवाददाता, जौनपुर : आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन की तरफ से तैयारी तेज कर दी गई है। इस कड़ी में मतदाता सूची तैयार करने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर एडिशनल एईआरओ (अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) बनाए गए हैं। यह मतदाता सूची की तैयारी में लगाए जाएंगे। इसमें ब्लाक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। एक नवंबर से मतदाता पुनरीक्षण का अभियान शुरू होना है, जिसके आधार पर ही विधानसभा चुनाव किया जाएगा।

मतदाता फार्म के सत्यापन में आ रही समस्याओं को देखते हुए इस बार अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बनाए गए हैं। इसके लिए कुल 97 अधिकारियों को लगाया गया है। इसमें ब्लाक स्तर के सभी 21 बीइओ, 21 एडीओ, सात जिला पूर्ति निरीक्षक, सभी सहायक चकबंदी अधिकारी हैं। हर तीन हजार फार्म पर एक एडिशनल एईआरओ को लगाया गया है। इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर भी इनकी तैनाती की गई है। यह सभी फार्म की चेकिग करेंगे, जिसमें नाम जोड़ने के लिए स्वीकार्य करेंगे तो नाम काटने के लिए फार्म को निरस्त करेंगे। पहले बीएलओ की तरफ से स्थानीय स्तर पर राजनीति का शिकार होकर नाम काटने व बढ़ाने की शिकायत प्रशासन को झेलने को मिलती थी। ऐसे में ऐन चुनाव के समय निर्वाचन विभाग व जिला प्रशासन को चुनौतियों का सामना करना पड़ता था।

बोले जिम्मेदार..

चुनाव आयोग के निर्देश पर अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बनाए गए हैं। इसमें सभी बीइओ, एडीओ, जिलापूर्ति निरीक्षक, सहायक चकबंदी अधिकारी को लगाया गया है। एक नवंबर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाना है।

-राम प्रकाश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी।

chat bot
आपका साथी