अंधविश्वास में की गई थी युवक की हत्या, दो गिरफ्तार

जागरण संवाददाता उरई एट थाना क्षेत्र के ग्राम ईंगुई कला में घर के बाहर सो रहे पूर्व प

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 11:39 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 11:39 PM (IST)
अंधविश्वास में की गई थी युवक की हत्या, दो गिरफ्तार
अंधविश्वास में की गई थी युवक की हत्या, दो गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, उरई : एट थाना क्षेत्र के ग्राम ईंगुई कला में घर के बाहर सो रहे पूर्व प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह कोई रंजिश नहीं बल्कि अंधविश्वास में उसका कत्ल किया गया है।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 10 सितंबर की रात ईंगुई कला गांव में घर के बाहर सो रहे पूर्व प्रधान के बेटे रामसेवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिता रामलखन की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। करीब डेढ़ महीने चली तफ्तीश के बाद कातिलों का पता लगाने में सफलता मिल गई। एट थाना पुलिस व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मामले में दुर्गेश अहिरवार पुत्र आशाराम निवासी मोहल्ला नई बस्ती कालपी एवं मोहित अहिरवार निवासी ग्राम ईंगुई कला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है।

इस वजह से की गई हत्या

मुख्य आरोपित दुर्गेश अहिरवार ने बताया कि उनकी मौसी की ससुराल ईंगुई कला गांव में ही है। उनका लड़का मानसिक रूप से विक्षिप्त था। रामसेवक तंत्रमंत्र का काम करता था। रामसेवक ने भरोसा दिया था कि तंत्र मंत्र से उसके बेटे को वह ठीक कर देगा। परंतु तंत्र मंत्र से उसके बेटे की हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उसे लगता था कि तंत्र मंत्र की वजह से ही उसके बेटे की जान गई है। उसके मन में प्रतिशोध की भावना आ गई और योजना बनाकर उसने सोते समय रामसेवक की हत्या कर दी।

एक आरोपित फरार

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि वारदात में तीन लोग शामिल थे। दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरा आरोपित सुरेंद्र निवासी ग्राम ईंगुई कला फरार है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी