आवारा जानवरों ने बर्बाद की 23 बीघा फसल
संवाद सूत्र आटा गोशालाओं में उचित प्रबंधन न होने से आवारा जानवर फिर से किसानों के लिए प
संवाद सूत्र, आटा: गोशालाओं में उचित प्रबंधन न होने से आवारा जानवर फिर से किसानों के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। थाना क्षेत्र के ग्राम परासन में आवारा जानवरों ने किसानों की सरसों, मटर व मसूर की 23 बीघा फसल रौंदकर नष्ट कर दी। इसके बाद भी प्रशासन क्षेत्र की गोशालाओं की व्यवस्था दुरुस्त नहीं करा रहा है।
कदौरा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम परासन में गोशाला की व्यवस्था दुरुस्त न होने से आवारा जानवर अपनी भूख मिटाने के लिए किसानों के खेतों में घुसने लगे हैं। इस समय किसानों की रबी की फसल खेतों में तैयार हो रही है जिससे किसान रात दिन आवारा जानवरों से फसल की रखवाली कर रहे हैं। किसानों के जरा से चूकने पर आवारा जानवर खेतों में घुसकर फसलों को बर्बाद करते हैं। इसके बाद भी जिला प्रशासन के मातहत कागजों में गोशालाओं को दुरुस्त करा रहे हैं और हकीकत में आवारा जानवर किसानों की फसलों को रौंदने में लगे हुए हैं। ग्राम परासन में शनिवार को रामसनेही की पांच बीघा मटर, शिवम सिंह की पांच बीघा मटर, भूरेलाल लाल की तीन बीघा मटर, जितेंद्र सिंह की दो बीघा सरसों, मधु तिवारी की पांच बीघा मसूर व छोटू सिंह की तीन बीघा फसल जानवरों ने बर्बाद कर दी। किसानों का कहना है कि उन्होंने कई बार गोशाला में जानवरों को बंद करने के लिए कहा लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। अब उनकी फसलें बर्बाद हो गई हैं तो मुआवजा कौन देगा। इस संबंध में बीडीओ अश्विनी कुमार सिंह ने कहा कि उनकी गोशाला सही चल रही है। यह ग्रामीणों के जानवर हैं जिसकी पुलिस से शिकायत की जाएगी।
गोशालाओं की व्यवस्थाएं हों दुरुस्त
सिरसा कलार: क्षेत्र के ग्राम दमरास, खड़गुई पुरवा, छानी अहीर में गोशाला का संचालन नहीं होने से आवारा जानवर खेतों में घूम रहे हैं जिससे किसान परेशान हैं। किसान सुंदर सिंह, किशोर सिंह, हरदेव, रामकुमार ने बताया कि अगर दमरास की गोशाला दुरुस्त हो जाए तो किसानों को काफी राहत मिलेगी। सचिव व प्रधान इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।