सर्दी के फिर दिखाए तेवर, पांच डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा

जागरण संवाददाता उरई सर्दी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। गलन व सर्द हवाओं की वजह से ह

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 06:47 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 06:47 PM (IST)
सर्दी के फिर दिखाए तेवर, पांच डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा
सर्दी के फिर दिखाए तेवर, पांच डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा

जागरण संवाददाता, उरई : सर्दी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। गलन व सर्द हवाओं की वजह से हर कोई बेहाल दिखाई दे रहा है। रविवार की शाम को मौसम बेहद खराब हो गया था। सोमवार को भी उसका असर देखने को मिला। वातावरण में कोहरे की चादर छाई हुई थी, जबकि गलन की वजह से बुरा हाल हो रहा था। सर्दी की अधिकता देख लोग फिर से बिस्तरों में दुबक गए। जिनको काम करना मजबूरी थी उन्होंने आग जलाकर हाथ पैरों की सिकाई की। पारा अधिकतम 18 व न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस रहा।

सोमवार को सुबह से ही जबरदस्त सर्दी का सामना लोगों को करना पड़ा। गलन इतनी अधिक थी कि हाथ पैर सुन्न हो रहे थे। किसी की हिम्मत बिस्तर से निकलने की नहीं हो रही थी। वातावरण में कोहरा भी था जिससे वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। आसमान पर बदली छाई हुई थी। लगता ही नहीं था कि दिन में धूप भी निकलेगी। दुकानों के बाहर व इधर उधर लोग आग ताप रहे थे। कई स्थानों पर अलाव भी लगे हुए थे जिससे कि लोग परेशान न हों। मजदूर व राहगीर आग के सहारे सर्दी दूर करने का प्रयास कर रहे थे। हालत यह थी कि गर्म कपड़ों के पहने होने के बावजूद लोग कांप रहे थे। सर्द हवाओं की वजह परेशानी अधिक बढ़ गई। हालांकि दोपहर बाद धूप तो निकली, लेकिन उसका असर बिल्कुल भी नहीं हुआ। धूप में भी गलन का प्रभाव नजर आ रहा था। लोग कांप रहे थे। जैसे ही शाम होने को आई तो फिर से सर्दी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया। अधिक सर्दी को देखते हुए नगरपालिका ने अलावों की संख्या बढ़ा दी।

chat bot
आपका साथी