संचारी रोग नियंत्रण में सभी विभाग निभाएं जिम्मेदारी

जागरण संवाददाता उरई संचारी रोग नियं˜

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 11:22 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 11:22 PM (IST)
संचारी रोग नियंत्रण में सभी विभाग निभाएं जिम्मेदारी
संचारी रोग नियंत्रण में सभी विभाग निभाएं जिम्मेदारी

जागरण संवाददाता, उरई : संचारी रोग नियंत्रण दस्तक अभियान की जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जिला अस्पताल परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि यह अभियान एक महीने चलना है। संबंधित विभाग अपने दायित्व को पूरी गंभीरता से अनुपालन करें। रोकथाम के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।

नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा ने साफ-सफाई पर जोर देकर कहा कि कचरा निस्तारण में सभी लोग सहयोग करें। कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें। सफाई अभियान में पालिका की मदद करें। जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने स्वच्छता का महत्व बताकर कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वच्छता पर जोर दिया। पूरे माह विद्यालय स्तर पर स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एनडी शर्मा ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण माह का आज मंगलवार से विधिवत शुभारंभ किया गया है। अब अभियान 17 नवंबर तक चलेगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। इसके अलावा शिक्षा विभाग, नगर निकाय विभाग, पंचायती राज विभाग, दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन, उद्यान विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जल निगम, सूचना विभाग समेत एक दर्जन विभागों को सहयोगी विभाग के रूप में शामिल किया गया है। सभी की जिम्मेदारियां तय कर दी गई है। रोजाना अभियान संबंधी अपडेट लिया जाएगा। जागरूकता रैली में जिला अस्पताल के सीएमएस डा. अवनीश कुमार, डीटीओ डा. सुग्रीवबाबू, सीडीपीओ विमलेश आर्या के अलावा आशा, आंगनबाड़ी, नर्सिंग स्टाफ, एनसीसी कैडेट, पीसीआइ संस्था के प्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल थे।

अभियान में लगीं 1250 टीमें

नोडल अधिकारी डा. एस डी चौधरी ने बताया कि अभियान में 1250 टीमें लगाई गई है। हर टीम को एक दिन में बीस घरों में जाकर लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करना है। हर टीम हर आठवें घर में जागरूकता संबंधी पोस्टर भी लगाएगी।

प्रत्येक टीम को 200 घरों का दिया लक्ष्य :

प्रत्येक टीम को 200 घर का सर्वे करना है। टीमें घर-घर जाकर बुखार, कोविड, टीबी, कुपोषण के शिकार रोगियों के बारे में जानकारी कर विभाग को अवगत कराएगी। साथ ही कोविड टीकाकरण के लिए भी प्रेरित करेंगी। दस्तक अभियान एक नवंबर तक चलेगा। जबकि संचारी रोग अभियान 17 नवंबर तक जारी रहेगा।

chat bot
आपका साथी