स्नातक चुनाव में 37.11 फीसद हुआ मतदान

जागरण संवाददाता उरई स्नातक चुनाव का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्वक निपट गया। पूरे जिले म

By JagranEdited By: Publish:Tue, 01 Dec 2020 06:50 PM (IST) Updated:Tue, 01 Dec 2020 06:50 PM (IST)
स्नातक चुनाव में 37.11 फीसद हुआ मतदान
स्नातक चुनाव में 37.11 फीसद हुआ मतदान

जागरण संवाददाता, उरई : स्नातक चुनाव का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्वक निपट गया। पूरे जिले में कुल 37.11 फीसद मतदान हुआ। जिले में बनाए गए 33 मतदेय स्थलों में वोट डाले गए। दोपहर तक मतदान की रफ्तार सुस्त रही इसके बाद कुछ तेजी आई। अधिकारी पल- पल का जायजा लेते रहे। जिससे कि चुनाव बेहतर तरीके से संपन्न हो सके। कोविड से संबंधित गाइड लाइन का पूरा पालन किया गया।

मंगलवार को सुबह ठीक 8 बजे मतदान शुरू करा दिया गया। सुबह से समय काफी देर तक मतदाता मतदान केंद्रों में पहुंचे ही नहीं। 8.30 बजे के आसपास इक्का दुक्का मतदाताओं ने पहुंचना शुरू किया। शहर में टाउनहाल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जिला परिषद इंटर कालेज में मतदेय स्थल बनाए गए थे। धूप तेज होने के बाद मतदाताओं ने निकलना शुरू किया। सभी मतदान केंद्रों का हाल एक जैसा रहा। अधिकारी स्थिति का अवलोकन करने के लिए मतदान शुरू होते ही निकल पड़े। शहर के अलावा जहां भी मतदान केंद्र बने हुए थे वहां पहुंचकर निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर कोविड गाइड लाइन का पालन किया गया। दोपहर बाद मतदान की गति में कुछ तेजी आई। 3 बजे तक कुल 17.07 फीसद ही मतदान हुआ था। इसके बाद दो घंटे में मतदान की समाप्ति तक 37.11 फीसद तक मतदान हुआ।

6436 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग

जिले में कुल 17344 मतदाता स्नातक चुनाव के हैं। जिसमें से पुरुष मतदाता 12534 और महिला मतदाता 4820 हैं। जिसमें से 6436 लोगों ने अपना वोट डाला। मतदान का फीसद काफी कम रहा। पचास का आंकड़ा भी नहीं पहुंच सका।

केंद्रों में रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

जिले के सभी मतदान केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। दो - दो इंस्पेक्टरों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न होने पाए। जिला परिशद, टाउनहाल, जीजीआईसी में पुलिस बल मुस्तैद नजर आया।

मतदान की कराई गई वीडियोग्राफी

सभी केंद्रों में मतदान की वीडियोग्राफी कराई गई। जिससे कि पूरी तरह से पारदर्शिता बनी रहे। शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के मतदान केंद्रों में भी यही व्यवस्था थी।

सैनिटाइजर के साथ हाथ धोने की व्यवस्था

मतदान केंद्रों पर हाथ धोने के साथ ही सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई थी। मतदाताओं ने हाथ धोकर ग्लब्ज पहने इसके बाद ही मतदान किया।

बस्तों पर नहीं रही भीड़ भाड़

मतदाताओं की संख्या कम होने के चलते प्रत्याशियों के बस्तों पर अधिक भीड़ भाड़ नहीं रही। एक दो मतदाता ही एक बार में पहुंच रहे थे। बस्तों पर बैठे समर्थक पर्चियां बना रहे थे। समर्थक दूसरे जनपदों का फोन पर जानते रहे हाल

उम्मीदवारों के बहुत से समर्थक आसपास के जनपदों में वोटिग का हाल जानते रहे। कैसी वोटिग चल रही है, अपने प्रत्याशी को कितने वोट मिल सकते हैं यह जानकारी करने की उत्सुकता समर्थकों में देखी गई।

chat bot
आपका साथी