हाथरस में दोमंजिला हाई सिक्योरिटी जेल बनेगी

जेल पर खर्च होने वाला बजट शासन से स्वीकृत परिसर में होगी स्टाफ कालोनी ओवर हेड टैंक बनेगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 05:24 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 05:24 AM (IST)
हाथरस में दोमंजिला हाई सिक्योरिटी जेल बनेगी
हाथरस में दोमंजिला हाई सिक्योरिटी जेल बनेगी

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : हाथरस में इगलास रोड पर गांव बीछिया में प्रस्तावित जिला जेल की बनाई गई डिजाइन के अनुसार जिला कारागार में दोमंजिला बैरक बनाई जाएगी जो नोएडा और कानपुर की तर्ज पर तैयार की जाएगी। हाई सिक्योरिटी से लैस जेल में पांच वाच टावर बनाने का निर्णय लिया गया है। पेयजल आपूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा। कर्मचारियों के लिए आवास कालोनी का निर्माण भी कराया जाएगा। यहां जिला जेल बनने से अलीगढ़ जेल का लोड कम हो जाएगा।

हाथरस पहले अलीगढ़ जिले का ही हिस्सा था, जो तीन मई 1997 को अलग जिला बना, लेकिन अभी तक जेल का निर्माण नहीं हो पाया है। हाथरस जिले के बंदी अलीगढ़ जेल में ही रखे जाते हैं। अलीगढ़ की जेल में क्षमता से कई गुना बंदी हो गए हैं। अब हाथरस में जेल बनने के बाद करीब 1200 बंदी अलीगढ़ से हाथरस जेल में शिफ्ट करने का रास्ता साफ हो जाएगा।

काफी समय से हाथरस जिले में जेल बनाने की कवायद चल रही है। कई स्थानों पर जेल के लिए जमीन तलाशी गई, लेकिन कुछ महीने पहले इगलास रोड पर बीछिया गांव में करीब 60 एकड़ जमीन अधिगृहीत की गई। किसानों से इसके बैनामे करा लिए गए हैं।

हाई सिक्योरिटी होगी : अलीगढ़ समेत कई जनपदों में अभी भी अंग्रेजी शासन में बनी जेल में कोई बदलाव नहीं किया गया है, मगर कुछ सालों से बन रही जेलों में डबल स्टोरी बैरक बनाई जा रही हैं ताकि बंदियों को बैरकों में आसानी से शिफ्ट किया जा सके। 60 एकड़ भूमि पर सबसे पहले बाउंड्रीवाल बनेगी। इसके बाद ओवर हेड टैंक तैयार होगा। जेल के चारों ओर सिक्योरिटी के लिहाज से चार वाच टावर होंगे ताकि जेल के निर्माण होने पर चौकसी के लिए बंदी रक्षकों को मुस्तैद किया जा सके। इसके अलावा अधीक्षक और जेलर आवास के अलावा स्टाफ के लिए कालोनी भी बसाई जाएगी। चेक पोस्ट, बिजली स्टेशन, रसोईघर के अलावा हास्पिटल और स्कूल भी होगा। दो प्रशासनिक ब्लाक बनाए जाएंगे। महिला और पुरुष शौचालयों और स्नानघर भी बनाए जाएंगे। जिला कारागार में पार्कों की व्यवस्था रहेगी।

वर्जन--

शासन को भेजी गई डिजाइन को हरी झंडी मिल गई है। जिला कारागार बनाने को 10,012.40 लाख रुपये का बजट मंजूर हो गया है। जल्द ही लोक निर्माण विभाग की ओर से आगे का काम किया जाएगा।

आनंद कुमार, एक्सईएन लोनिवि हाथरस।

chat bot
आपका साथी