आंधी से उखड़े टिनशेड व पेड़, बारिश से मिली राहत

मंगलवार की शाम को तेज अंधड़ से घरों से टीनशेड व छप्पर उड़ गए। पेड़ भी गिर गए। कुछ ही देर में बारिश से चारों ओर जलभराव हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 01:20 AM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 01:20 AM (IST)
आंधी से उखड़े टिनशेड व पेड़, बारिश से मिली राहत
आंधी से उखड़े टिनशेड व पेड़, बारिश से मिली राहत

संवाद सहयोगी, हाथरस : मंगलवार की शाम को तेज अंधड़ से घरों से टिन शेड व छप्पर उड़ गए। पेड़ भी गिर गए। कुछ ही देर में बारिश से चारों ओर जलभराव हो गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही।

मौसम में कई दिन से लगातार बदलाव दिख रहा है। कभी बादलों का डेरा तो कभी आंधी। मंगलवार को सुबह से ही बादलों की घेराबंदी के बावजूद भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल था। शाम करीब सात बजे तेज आंधी आई। करीब एक घंटे तक चली तेज हवाओं से घरों के टिनशेड उड़ गए। देहात में बुर्जी व बिटोरों पर रखे छप्पर उड़ गए। फिर बारिश शुरू हो गई। रात में भी रुक-रुक कर बारिश होती रही। लोगों को गर्मी से तो राहत मिली मगर जगह-जगह जलभराव होने से दिक्कतें भी हुईं।

पेड़ गिरने रास्ता बाधित : कस्बा हाथरस जंक्शन क्षेत्र में पेड़ गिरने से एक हाथठेला दब गया। इससे मथुरा-बरेली मार्ग पर रास्ता बाधित हो गया। बाद में पुलिस ने पेड़ को हटवाकर रास्ता सुचारु बनाया।

आंधी-बारिश से बिजली ठप

मंगलवार की शाम आई आंधी और बारिश से हुए फॉल्ट से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। इससे पेयजल व्यवस्था पर भी असर पड़ा। देहात क्षेत्र में सबसे अधिक असर दिखाई दिया।

शहर में वाटरव‌र्क्स, ओढ़पुरा, नवीपुर, प्रगतिपुरम सहित सब स्टेशनों पर ब्रेकडाउन रहा। इसके कारण इससे जुड़े कई फीडरों पर लाइन नहीं रही। अलीगढ़ रोड, आगरा रोड और मेड़ू रोड के अलावा मुरसान रोड पर आपूर्ति ठप होने के कारण रिहायशी इलाकों और बाजारों में दिक्कत हुई। बारिश के कारण आपूर्ति सुचारु करने में समय लगा। बारिश बंद होने पर काम शुरू किया गया लेकिन देर रात तक आपूर्ति पर असर पड़ा। बताते हैं कि लाइनों पर पेड़ों की शाखाएं गिरने से तार टूट गए थे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों से गुजर रही लाइनों के तार जगह टूटने से कई घंटे तक बिजली आपूर्ति नहीं रही।

chat bot
आपका साथी